
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। सरकारी जमीन के इस्तेमाल में नियमों की अनदेखी का एक और मामला सामने आया है। खालसा स्कूल के सामने से हटाए गए 70 दुकानदारों के व्यवस्थापन के लिए आरक्षित पौने दो एकड़ जमीन पर नगर निगम ने व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स बनाने की तैयारी शुरू कर दी है, जबकि इस जमीन के आवंटन का उद्देश्य ही विस्थापित व्यापारियों को दुकानें उपलब्ध कराना था।
राजपत्र में मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के तहत इन व्यापारियों के व्यवस्थापन के लिए व्यावसायिक परिसर का उल्लेख है। इसके बावजूद व्यापारियों का व्यवस्थापन किए बिना निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिया गया। अब सवाल उठ रहा है कि जिस जमीन पर पहले 70 दुकानदारों का हक तय किया गया था, वहां उनके हितों को सुरक्षित किए बिना निगम किस अधिकार से नया प्रोजेक्ट आगे बढ़ा रहा है।
मामला लोधीपारा चौक से शंकर नगर जाने वाले मार्ग पर क्रिस्टल आर्केड के सामने स्थित खसरा नंबर 417/2 की जमीन का है। इसका कुल रकबा 0.7530 हेक्टेयर यानी करीब पौने दो एकड़ है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इस जमीन को खालसा स्कूल के सामने से हटाए गए 70 व्यवसायियों के व्यवस्थापन के लिए मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के तहत आरक्षित किया गया था। इस संबंध में राजपत्र में भी प्रकाशन हुआ था। अब इसी जमीन पर व्यावसायिक परिसर निर्माण का टेंडर सामने आने के बाद आरक्षण के मूल उद्देश्य और प्रस्तावित निर्माण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।
इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब जमीन 70 विस्थापित दुकानदारों के लिए आरक्षित है, तो पहले उनका व्यवस्थापन क्यों नहीं किया गया? आरोप है कि व्यापारियों के लिए केवल नक्शा तैयार हुआ है, लेकिन उन्हें दुकानें आवंटित नहीं की गई हैं। इसके बावजूद कॉम्प्लेक्स निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि प्रस्तावित निर्माण में विस्थापित व्यापारियों के लिए कितनी दुकानें निर्धारित की गई हैं और उनके पुनर्वास की व्यवस्था किस तरह होगी।
नगर निगम की सामान्य सभा में भी इस जमीन पर निर्माण का प्रस्ताव आने पर विरोध हुआ था। नेता प्रतिपक्ष ने आपत्ति दर्ज कराई थी। इसके बाद सभापति ने अधिकारियों को शासन से पत्राचार करने के बाद ही आगे निर्णय लेने के निर्देश दिए थे।
नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने आरोप लगाया कि शासन के राजपत्र में 70 विस्थापित व्यापारियों के व्यवस्थापन के लिए जमीन आरक्षित होने के बावजूद निगम उसका व्यवसायीकरण करने में जुटा है। उन्होंने सवाल उठाया कि व्यापारियों को दुकानें दिए बिना कॉम्प्लेक्स का टेंडर क्यों जारी किया गया? बची हुई जमीन पर निर्माण के लिए शासन की अनुमति ली गई है या नहीं? सामान्य सभा में सभापति के निर्देश के बाद शासन से पत्राचार हुआ है या नहीं?
तिवारी ने कहा कि यदि निगम ने शासन से अनुमति ली है, तो उसे सार्वजनिक किया जाए। उनका कहना है कि पहले 70 व्यापारियों का व्यवस्थापन होना चाहिए, उसके बाद बची जमीन के उपयोग पर शासन की अनुमति से निर्णय लिया जाना चाहिए।
यह भी पढ़ें- एमपी बोर्ड ने किया बड़ा बदलाव, 10वीं और 12वीं में होंगे इतने नंबर के एग्जाम, परीक्षाओं की अंक योजना जारी