
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। तेलीबांधा चौक को ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ किए जाने की बात सामने आने के बाद साहू समाज के प्रतिनिधि गुरुवार को महापौर के पास पहुंचे। समाज की चिंता और आपत्ति सुनने के बाद महापौर मीनल चौबे ने स्पष्ट किया कि तेलीबांधा चौक का नाम बदलने का कोई फैसला नहीं हुआ है। ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ नाम तेलीबांधा थाना और रिंग रोड के पास बने ट्रैफिक आइलैंड के लिए प्रस्तावित है।
यानी शहर के जिस प्रमुख चौक को लोग लंबे समय से तेलीबांधा चौक के नाम से जानते हैं, उसका नाम यथावत रहेगा। तालाब के दोनों ओर के चौकों को लेकर भी किसी बदलाव का प्रस्ताव नहीं है। मुलाकात के दौरान निगम आयुक्त संबित मिश्रा और एमआइसी सदस्य संतोष साहू मौजूद रहे।
सात अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति’ कार्यक्रम के दौरान प्रदेश में 38 स्थानों पर सेवा ज्योति चौक बनाने की घोषणा हुई। रायपुर के लिए तेलीबांधा चौक का नाम सामने आने के बाद यह माना जाने लगा कि शहर के प्रमुख तेलीबांधा चौक का नाम बदला जा रहा है।
इसके बाद साहू समाज के प्रतिनिधियों ने महापौर से मुलाकात की। चर्चा में सामने आया कि प्रस्तावित नामकरण वास्तविक चौक के बजाय उसके समीप बने ट्रैफिक आइलैंड से संबंधित है। महापौर की सफाई के बाद नाम बदलने को लेकर बना भ्रम दूर हो गया।
तेलीबांधा तालाब के दोनों ओर बने चौक शहर के प्रमुख पहचान वाले स्थान हैं। इन चौकों के नाम बदलने का भी फिलहाल कोई प्रस्ताव नहीं है। महापौर ने समाज के प्रतिनिधियों को बातचीत के दौरान यह स्पष्ट किया। इससे यह भी साफ हो गया कि ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ नामकरण के कारण तेलीबांधा की मौजूदा पहचान वाले स्थानों के नाम में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। प्रस्ताव केवल रिंग रोड और तेलीबांधा थाना के समीप स्थित ट्रैफिक आइलैंड तक सीमित है।