
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। डीपी वर्ल्ड प्रोफेशनल गोल्फ टूर आफ इंडिया (पीजीटीआइ) के तहत ‘नवा रायपुर ओपन 2026’ का आयोजन 15 से 18 सितंबर तक फेयरवे गोल्फ एंड लेक रिजार्ट नवा रायपुर में किया जाएगा। छत्तीसगढ़ सरकार के सहयोग से आयोजित होने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में एक करोड़ की पुरस्कार राशि दांव पर होगी। इसके साथ ही नवा रायपुर एक बार फिर पेशेवर गोल्फ के रोमांच का गवाह बनने जा रहा है।
इस टूर्नामेंट में 132 पेशेवर गोल्फर हिस्सा लेंगे। जाने माने खिलाड़ियों में सप्तक तलवार, हनी बैसोया, वीर अहलावत, अक्षय शर्मा, खालिन जोशी, राशिद खान, मनु गंडास और महू के जाने-माने खिलाड़ी ओम प्रकाश चौहान जैसे भारत के शीर्ष पेशेवर गोल्फर्स शामिल हैं।
प्रतियोगिता में 18 विदेशी खिलाड़ी भी चुनौती पेश करेंगे। इस वर्ष नवा रायपुर में आयोजित होने वाला यह दूसरा डीपी वर्ल्ड पीजीटीआइ टूर्नामेंट है।
महान भारतीय क्रिकेटर और डीपी वर्ल्ड पीजीटीआइ के अध्यक्ष पद्म भूषण कपिल देव 15 सितंबर को टूर्नामेंट के शुभारंभ के अवसर पर उपस्थित रहेंगे। उनकी मौजूदगी इस क्षेत्र में गोल्फ और गोल्फ पर्यटन को बढ़ावा देने की परिकल्पना को और मजबूत करेगी।
कपिल देव ने कहा कि नवा रायपुर में भारत का एक प्रमुख गोल्फ गंतव्य बनने की पूरी क्षमता है। इस वर्ष दूसरे टूर्नामेंट के साथ हमारी वापसी यहां की संभावनाओं पर हमारे अटूट विश्वास को दर्शाती है। 13 सितंबर को प्रो-एम स्पर्धा का शुभारंभ होगा। 14 को आधिकारिक अभ्यास दौर चलेगा। वहीं 15 से 18 सितंबर तक चार राउंड की मुख्य पेशेवर प्रतियोगिता होगी।