
रायपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। Photography Art Exhibition: महाकौशल कला परिषद, रायपुर द्वारा गुरुवार से 72वीं अखिल भारतीय नवरस फोटोग्राफी कला प्रदर्शनी-2021 का आयोजन महाकौशल कला परिषद, रायपुर की फेसबुक आईडी पर किया गया है। कोरोना महामारी को देखते हुए इस बार इस प्रदर्शनी को ऑनलाइन माध्यम से किया जा रहा है। इस अखिल भारतीय फोटोग्राफी प्रदर्शनी-2021 में फोटोग्राफ (श्वेत-श्याम ,रंगीन, मोनोक्रोम, किसी भी कैमरे, एसएलआर से, एनड्रायड फोन, मोबाइल, टेबलेट से खींची फोटो ग्राफ इस प्रदर्शनी में शामिल किया गया है।
इस कला प्रदर्शनी के लिए सिर्फ 50 कलाकारों की रचनाओं का चयन महाकौशल कला परिषद, रायपुर द्वारा गठित निर्णायक समिति द्वारा मौलिकता पर आधारित किया गया। इस कला प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि राजेश कुमार स्वर्णकार द्वारा ऑनलाइन किया गया। महाकौशल कला परिषद के मानसेवी निदेशक डा. प्रवीण शर्मा ने बताया कि कला प्रदर्शनी केपी शर्मा, महाकौशल ललित कला महाविद्यालय रायपुर, पर्यावरण ग्रीन सोसायटी, शासकीय नागार्जुन स्नातकोत्तर विज्ञान महाविद्यालय रायपुर, लायंस क्लब रायपुर फ्रेंड्स के सहयोग से आयोजित और महाकौशल कला परिषद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई है।
उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय फोटोग्राफी कला प्रदर्शनी-2021 को दर्शक Mahakoshal Kala Parishad, Raipur एवं Mahakoshal Art Gallery, Raipur के फेसबुक पेज पर फेसबुक आईडी पर 22 अगस्त 2021 तक देख सकते हैं। इस दौरान वे पसंदीदा फोटो को लाइक, या फॉलो कर सकते हैं। साथी ही साथ उन्हें दूसरे कलाकारों के साथ शेयर कर सकते हैं। अपनी त्वरित प्रतिक्रिया प्रेषित कर सकते हैं।
कला प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, गुजरात, उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों के फोटोग्राफी के शौकीनों ने हिस्सा लिया है। वहीं, चुनिंदा फोटोग्राफ खींचने वाले फोटोग्राफरों को पुरस्कृत किया जाएगा।