रायपुर। NIRF Ranking 2022: एनआइआरएफ-2022 की रैंकिंग में कलिंगा विश्वविद्यालय देश के टाप-150 विश्वविद्यालयों में शामिल हो गया है। साथ ही इस सूची में सम्मिलित होने वाला छत्तीसगढ़ का यह पहला विश्वविद्यालय भी बन गया है। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एनआइआरएफ की रैंकिंग का महत्वपूर्ण स्थान है। यह संस्थान पूर्णत: वस्तुनिष्ठ, निष्पक्ष और पारदर्शी मूल्यांकन के लिए प्रसिद्ध है। इसमें देश के सभी प्रतिष्ठित उच्च शैक्षणिक संस्थान उत्सुकता से भाग लेते हैं।
कलिंगा विश्वविद्यालय के कुलपति डा. आर श्रीधर ने कहा कि कोविड-19 महामारी के बाद अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ा है। उसके बावजूद भी विश्वविद्यालय परिवार की निष्ठा, कार्यकुशलता और अथक श्रम के परिणामस्वरूप कलिंगा विश्वविद्यालय ने यह सफलता अर्जित की है। विश्वविद्यालय के महानिदेशक डा. बैजू जान ने कहा कि यह गौरवशाली स्थान है।
कलिंगा विश्वविद्यालय में वैश्विक मापदंड के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जा रही है। कुलसचिव डा. संदीप गांधी ने कहा कि कोविड महामारी के दौरान भी यहां पर व्यवस्थित तरीके से सत्र के अनुसार नियमित अध्ययन जारी रहा। आनलाइन स्टडी के साथ एसाइनमेंट, स्टडी मटेरियल उपलब्ध कराने, क्वीज के साथ देश-विदेश के प्रतिष्ठित शिक्षाविद विद्वान के सैकड़ों वेबिनार का आयोजन किया गया।
श्री रावतपुरा सरकार विश्वविद्यालय के 10 छात्रों को मिला कैंपस प्लेसमेंट
श्री रावतपुरा सरकार विश्वविद्यालय द्वारा फार्मेसी के छात्रों के लिए कैंपस प्लेसमेंट का आयोजन किया गया। इसमें आशीर्वाद डिस्ट्रीब्यूटर्स (एसेंट वेलनेस एंड फार्मा साल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड की एक इकाई) ने 10 छात्रों का चयन किया। एसेंट वेलनेस एंड फार्मा साल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड भारत में फार्मास्यूटिकल लाजिस्टिक्स, डिस्ट्रीब्यूशन और सप्लाई चेन के क्षेत्र में भारत का सबसे बड़ा समूह है।
इस समूह की स्थापना 2012 में पूरे भारत में दवा आपूर्ति श्रृंखला को समेकित और एकीकृत करने के दृष्टिकोण के साथ की गई थी। प्लेसमेंट विश्वविद्यालय के प्रति-कुलाधिपति हर्ष गौतम, कुलपति एसके सिंह, ट्रस्ट के उपाध्यक्ष डा. जेके उपाध्याय, कुलसचिव प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने सभी चयनित छात्रों को शुभकामना दी है।