_m.webp)
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में एक वर्षीय संविदा नियुक्तियों के लिए आयोजित केंद्रीयकृत परीक्षा में प्रशासनिक चूक सामने आई है। परीक्षा के लिए कोई कटऑफ निर्धारित नहीं किया गया था। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने इसे स्वीकार करते हुए मामले की जांच और आगे से कटऑफ व्यवस्था लागू करने की बात की है।
बता दें कि कटऑफ नहीं होने कारण सहायक शिक्षक, शिक्षक और व्याख्याता के पदों के लिए 200 से ज्यादा ऐसे अभ्यर्थी चयन सूची में शामिल हैं जिन्हें 100 अंकों में 33 प्रतिशत से भी कम अंक हासिल हुए। आरक्षण रोस्टर और वर्गवार पदों के विरुद्ध आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की स्थिति अधिक चिंताजनक बताई जा रही है। कई अभ्यर्थियों को महज 6.25, 9.25 और 10 अंक ही मिल सके।
दुर्ग जिले में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूलों के व्याख्याता, शिक्षक और सहायक शिक्षकों के 191 रिक्त पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। सहायक संचालक अमित घोष के मुताबिक सहायक शिक्षक और शिक्षक पदों के लिए टीईटी उत्तीर्ण होना अनिवार्य है और इन पदों पर चयनित सभी 82 अभ्यर्थी टीईटी पास हैं। वहीं पात्रता शर्तों के चलते आरक्षित वर्ग में सहायक शिक्षक और अंग्रेजी शिक्षक के पदों के लिए पर्याप्त अभ्यर्थी नहीं मिल सके।
प्रदेश में सहायक शिक्षक के 590 पदों में से 536 और अंग्रेजी शिक्षक के 106 पदों में से 88 पदों पर ही चयन हो पाया है। इस तरह सहायक शिक्षक के 54 और अंग्रेजी शिक्षक के 18 पद रिक्त रह गए। टीईटी के साथ प्राइमरी के लिए डीएड और मिडिल के लिए बीएड अनिवार्य रखा गया था। शिक्षक संवर्ग में चयनित शत-प्रतिशत अभ्यर्थी टीईटी उत्तीर्ण हैं। वहीं, लैब असिस्टेंट शिक्षक और व्याख्याता पदों के लिए टीईटी की अनिवार्यता नहीं थी।
लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) की ओर से 26 विषयों के संविदा पदों पर भर्ती के लिए 31 अक्टूबर से चार नवंबर 2026 के बीच कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) कराई गई थी। कुल 1,812 पदों के विज्ञापन के मुकाबले 34,604 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 28,535 परीक्षा में बैठे। परीक्षा में 82.46 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। 100 अंकों के प्रश्नपत्र में प्रत्येक गलत उत्तर पर एक-चौथाई अंक की नेगेटिव मार्किंग लागू थी। फिलहाल स्वीकृत पदों के मुकाबले 1,721 अभ्यर्थी ही उपलब्ध हो सके हैं।
मंत्री का बयान
शिक्षक भर्ती के लिए हुई परीक्षा में कटआफ अंक तय करना था, यह त्रुटि हुई है। यह एक वर्षीय संविदा नियुक्ति है। आगे से कटआफ व्यवस्था लागू कराने पर विचार कर रहे हैं।
- गजेंद्र यादव, मंत्री, स्कूल शिक्षा विभाग