रायपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। रंग गोरा करने के लिए लोग कई तरह की फेस क्रीम का उपयोग करते हैं, जो कुछ देर के लिए आपके चेहरे का कलर तो साफ दिखा देती है, लेकिन बाद में नेचुरल कलर में आप आ जाते हैं। ऐसे में भ्रम दूर कर लेना चाहिए कि किसी भी फेस क्रीम से आपके चेहरे का कलर नहीं बदल सकता है। त्वचा को साफ और सेहतमंद बनाने के लिए देसी नुस्खे ही कारगर होते हैं। यह बात हेलो डाक्टर कार्यक्रम में आंबेडकर अस्पताल के त्वचा रोग विभाग के विभागाध्यक्ष और चिकित्सा विशेषज्ञ डा. मृत्युंजय सिंह ने कही।
त्वचा रोग विशेषज्ञ डा. मृत्युंजय सिंह ने कहा कि लोग कई तरह की स्किन क्रीम का उपयोग करते हैं। इससे फायदा तो कुछ ज्यादा होता नहीं है, देर-सबेर साइड इफेक्ट जरूर नजर आने लगते हैं। फेस क्रीम में स्टीरायड होता है जो त्वचा के लिए ठीक नहीं है। चेहरे को साफ रखने के लिए समय-समय पर धोते रहें। प्रदूषण से चेहरे को बचाएं, धूप में निकलें तो सन स्क्रिन का उपयोग करें। त्वचा को बेहतर रखने के लिए खान-पान में हरी सब्जियां, पौष्टिक आहार का उपयोग करें, पानी अधिक पीयें, सोने और उठने का समय निर्धारित करना जरूरी है। रोजाना योग, व्यायाम आदि फायदेमंद होता है। बाल झड़ने की समस्या आम है। कुछ में यह अनुवांशिक होता है तो कुछ के शरीर में हीमोग्लोबिन पर्याप्त न होने, प्रोटीन, विमटामिन की कमी से बाल झड़ते हैं। इसके लिए बालों का ध्यान रखना जरूरी है।
क्या है त्वचा रोग
डा. मृत्युंजय ने बताया कि ऐसा संक्रमण या बीमारियां जो शरीर की त्वचा को प्रभावित करती हैं, त्वचा रोग से संबंधित बीमारियां कहलाती हैं। त्वचा रोग में शरीर पर काले, सफेद धब्बे, दाग, असमय फोड़े-फुंसी व घाव बन जाना, त्वचा में एलर्जी, बाल झड़ना, स्किन कैंसर समेत कई तरह की बीमारियां शामिल हैं। कभी-कभी सामान्य सी दिखने वाली त्वचा से संबंधित बीमारियों का समय रहते इलाज नहीं किया जाता तो काफी परेशानियां देखने को मिलती हैं।
---
अपने चिकित्सक के बारे में जानें
नाम - डा. मृत्युंजय सिंह, एचओडी, त्वचा रोग विभाग, आंबेडकर अस्पताल
शिक्षा - एमबीबीएस, एमडी (त्वचा रोग विशेषज्ञ)
अनुभव - चिकित्सा सेवा में 16 वर्षों से सक्रिय
पसंद - स्पोर्ट्स, योग, व्यायाम
---
पाठकों के सवाल और चिकित्सक के जवाब
1. चेहरा और गला शरीर के अन्य हिस्सों से काला हो गया है। - सूरज कोसले, भिलाई
जवाब - यह धूप की वजह से होता है। सिर पर दिन में तेल का उपयोग न करें। धूप में निकले ंतो सन स्क्रिन लगाएं।
2. चेहरे पर पिंपल हैं। 10 साल से इलाज चल रहा है। अब तक राहत नहीं मिली है। - रीता शर्मा, अभनपुर
जवाब : पिंपल बढ़े नहीं, इसके लिए मिल्क प्रोडक्ट का उपयोग बंद कर दें। जल्दी सोने और उठने की आदत डालें। व्यायाम नियमित करें और खानपान सही करें। फल आदि का उपयोग बेहतर होगा।
-
3. अंडरआर्म में काले निशान पड़ गए हैं। बहुत खुजली होती है। - नीलम सिंह, रायपुर
जवाब : यह फंगल इन्फेक्शन है। नहाने के बोद गीले कपड़े न पहनें, अपने साबुन, कपड़े व नियमित दिनचर्या की वस्तुओं को अलग रखें। क्रीम लगाने से कुछ खास फायदा नहीं होगा। जांच कराकर इसकी दवाएं शुरू करनी होगी।
-
4. तेल का छींटा चेहरे पर पड़ने से काले निशान पड़ गए हैं। - महेश सिंह, कवर्धा
जवाब : जलने के निशान क्रीम से चले जाते हैं तो ठीक है नहीं तो लेजरथैरेपी करनी पड़ेगी। यह इस पर निर्भर करता है कि जलने के दाग कितने दिन पुराने हैं।
-
5. बाल झड़ रहे हैं। काफी पतले हो चुके हैं। - विवेक वर्मा, राजनांदगांव
जवाब : बाल झड़ना अनुवांशिक होता है। वहीं प्रदूषण, खान-पान सही न होने, तनाव के चलते भी बाल झड़ते हैं। अधिक झड़ रहे हैं तो चिकित्सक से जांच कराएं। खान-पान बेहतर करें, सुबह जल्दी उठने, जल्दी सोने, नियमित व्यायाम की आदत डालें। बाहर निकलने पर सिर को जरूर ढंकें।
-
6. शरीर पर दाद हैं, दवाएं लेने पर ठीक हो जातें हैं, बंद करने पर फिर उभर आते हैं। - उमेश साहू, धमधा
जवाब - दाद की स्थिति की जांच करनी होगी। उसके बाद ही कारण को बता सकते हैं। काफी पुरानी है। अस्पताल आकर जांच कराएं।
-
7. पिंपल सालों से हैं, दवाएं करने के बाद भी राहत नहीं मिल रही है। - मीरा वर्मा, दुर्ग
जवाब - 28 की उम्र में भी पिंपल की शिकायत है तो यह हार्मोनल परेशानी हो सकती है। जांच करानी होगी।
-
8. कई वर्षों से एक्जिमा से परेशान हूं। -संतोष तिवारी, संतोषी नगर रायपुर
जवाब : नहाने से पहले आइल लगाएं। ग्लीसरीन के साथ गुलाब जल का उपयोग करें, आराम मिलेगा।
-
9. पिंपल्स हटाने के लिए क्या करूं? -हर्षिता पांडेय, रायपुर
जवाब : बारह वर्ष के बाद से चेहरे पर पिंपल्स, दाग-धब्बे की शिकायत आम है। घबराने की जरूरत नहीं है। एलोविरा लगाएं, पानी अधिक पीयें, ठीक होगा।
-
10. घमौरियां लंबे समय तक ठीक ही नहीं होतीं। -श्वेता पांडेय, मैत्री नगर भिलाई
-आंबेडकर अस्पताल की ओपीडी में एक बार आकर दिखा लें। बगैर देखे दवा नहीं बता सकते।
-