
भिलाई। प्रशासन की कवायदों के बीच भिलाई में अब डेंगू को लेकर बने हालात नियंत्रण में आते जा रहे हैं। इसी बीच बेमेतरा के एक युवती की भिलाई के एक निजी अस्पताल में डेंगू से मौत होने की खबर है। इस तरह भिलाई में 27 और बेमेतरा, बालोद, महासमुंद और जांजगीर-चांपा से एक-एक मौतों के बाद प्रदेश में डेंगू से मौत का आंकड़ा 31 पहुंच गया है।
बेमेतरा जिले के ग्राम अमोरा की युवती अनीता वर्मा (19) को भिलाई के एक निजी अस्पताल में 16 अगस्त से भर्ती किया गया था। उसकी रिपोर्ट पॉजीटिव आई थी। शनिवार को उसकी मौत हो गई। हालांकि अस्पताल प्रबंधन ने अब तक इसकी पुष्टि नहीं की है। शनिवार को बालोद जिले के ग्राम पांगरी की हेमा (19) और महासमुंद जिले के ग्राम बुंदेला की ओमेश्वरी (15) की डेंगू से मौत हुई थी।
भिलाई में 31 जुलाई को डेंगू से पहली मौत हुई थी। इसके बाद एक-एक कर भिलाई में अब तक 27 मौतें हो चुकीं। शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन ने जिले के निजी अस्पतालों में डेंगू पीड़ितों का मुफ्त इलाज करने का आदेश दिया। शहर में सबसे ज्यादा खुर्सीपार, छावनी और कैंप क्षेत्र में डेंगू के मरीज मिले, जिन्हें विभिन्ना अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
कलेक्टर उमेश अग्रवाल ने बताया कि जिला अस्पताल सहित जिले के निजी अस्पतालों में भर्ती मरीजों की लगातार मॉनीटरिंग की जा रही है। सभी को बेहतर इलाज मुहैय्या कराया जा रहा है। इसी का नतीजा है कि 2824 मरीजों में से 2230 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। वहीं 572 मरीजों में 537 मरीजों की स्थिति बेहतर है और 35 मरीजों को आइसीयू में रखा गया है। हालात नियंत्रण में हैं।