
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। सावन व रक्षाबंधन उत्सव के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में शामिल होने को लेकर महिला अधिवक्ताओं पर एक पुरुष अधिवक्ता द्वारा आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का मामला गरमा गया है। इस घटना के विरोध में मंगलवार को अधिवक्ता कक्ष में जमकर हंगामा हुआ।
आरोपित वकील द्वारा माफी नहीं मांगने पर आक्रोशित महिला वकीलों ने बुधवार को रायपुर जिला अधिवक्ता संघ और पुलिस थाने में औपचारिक लिखित शिकायत दर्ज कराने का निर्णय लिया है।
जानकारी के अनुसार, राज्य विधिज्ञ परिषद के उपाध्यक्ष द्वारा 16 अगस्त को शंकर नगर स्थित सिंधु पैलेस में महिला अधिवक्ताओं के लिए सावन व रक्षाबंधन उत्सव आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में खेलकूद, संगीत व नृत्य जैसी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शामिल थीं।
आरोप है कि मंगलवार को जब महिला अधिवक्ता कोर्ट परिसर स्थित कक्ष क्रमांक-104 पहुंचीं, तो अधिवक्ता राजेश्वर ने कार्यक्रम में उनके नाचने को लेकर अशोभनीय टिप्पणी की। समझाने के बावजूद जब वे अपनी बात पर अड़े रहे। इतने में विवाद बढ़ गया और मौके पर 100 से अधिक वकील एकत्रित हो गए।
विवाद बढ़ता देख वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन महिला वकील आरोपित अधिवक्ता से सार्वजनिक माफी की मांग पर अड़ी रहीं। माफी न मिलने पर अब महिला अधिवक्ता बुधवार को बार एसोसिएशन व संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराएंगी। मामले से जुड़ा शिकायत पत्र इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने से बुधवार को कोर्ट परिसर में गहमागहमी का माहौल रह सकता है।