
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के तहत स्वीकृत 2.43 लाख मकानों में से 2.25 लाख से अधिक का निर्माण पूरा हो चुका है। शेष आवासों का निर्माण जल्द पूरा कराने के लिए मुख्य सचिव विकासशील ने अधिकारियों को गति बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जो हितग्राही आवास का निर्माण समय से पहले पूरा कर रहे हैं, उन्हें प्रोत्साहित किया जाए।
मंत्रालय महानदी भवन में गुरुवार को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई राज्य स्तरीय स्वीकृति एवं निगरानी समिति की बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के पहले और दूसरे चरण की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में निर्माणाधीन आवासों को जल्द पूरा करने के साथ विभिन्न परियोजनाओं के प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई।
अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के तहत कुल 2,43,087 मकान स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 2,25,411 मकान पूरे हो चुके हैं, जबकि 17,368 मकानों का निर्माण जारी है। लाभार्थी आधारित निर्माण (बीएलसी) घटक के तहत स्वीकृत 2,06,118 मकानों में से 1,96,144 पूरे हो चुके हैं और 9,666 मकानों का निर्माण विभिन्न चरणों में है।
बैठक में योजना के भागीदारी में किफायती आवास (एएचपी) घटक के अंतर्गत स्वीकृत परियोजनाओं के निर्माण स्थलों में बदलाव के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 1.0 के तहत पहले स्वीकृत परियोजनाओं में कटौती के बाद संशोधित परियोजनाओं को मंजूरी देने के प्रस्तावों पर सहमति दी गई। नगरीय प्रशासन विभाग के अन्य प्रस्तावों को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
यह भी पढ़ें- जंगल सफारी के शौकीनों के लिए खुशखबरी, बाघों का घर ATR में फिर शुरू होगी पर्यटकों की जिप्सी सफारी 1 नवंबर से