रायपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि। Padmashree Award गणतंत्र दिवस पर देश की जानी-मानी कई हस्तियों को सम्मानित करने का फैसला किया गया है। कला के क्षेत्र में ख्याति प्राप्त कर चुके रायपुर के सुप्रसिद्ध सूफी गायक
और तबला वादक मदन सिंह चौहान को पद्मश्री से सम्मानित किया जाएगा।
परिवार के साथ कलाकारों में जश्न का माहौल
जानकारी के अनुसार इस सम्मान से छत्तीसगढ़ के कला क्षेत्र में खुशी की लहर है। बता दें कि नामों की घोषणा होते ही परिवार समेत कलाकारों में जश्न का माहौल है। कलाकारों का कहना है कि यह सम्मान छत्तीसगढ़ के सच्चे कलाकार का सम्मान है।
चौहान का तबले में बचपन से रुझान रहा
गुरुजी के नाम से पहचाने जाने वाले चौहान का तबले में बचपन से रुझान रहा है। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा पंडित कन्हैयालाल भट्ट से प्रदान की है। उन्हीं के मार्गदर्शन में तबला में उनकी पकड़ गहरी हुई है। मदन सिंह चौहान का जन्म 15 अक्टूबर, 1947 को हुआ।
सीएम ने कहा-गुरुजी छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध संगीत शिक्षक, गजल गायक और सूफी गायक
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ के संगीतज्ञ मदन सिंह चौहान 'गुरुजी को कला के क्षेत्र में पद्मश्री सम्मान की घोषणा होने पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि चौहान गुरुजी छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध
संगीत शिक्षक, गजल गायक और सूफी गायक हैं।
पूरा जीवन संगीत साधना के लिए समर्पित कर दिया
सीएम बघेल ने कहा कि मदन सिंह चौहान ने अपना पूरा जीवन संगीत साधना के लिए समर्पित कर दिया। उनकी यह उपलब्धि पूरे छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित करने वाली है। कल केंद्रीय गृह मंत्रालय
द्वारा पद्म पुरस्कारों की घोषणा की गई ।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद करेंगे पद्मश्री से अलंकृत
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद इस वर्ष मार्च-अप्रैल में राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले समारोह में मदन सिंह चौहान को पद्मश्री सम्मान से अलंकृत करेंगे।