
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। पारिवारिक विवाद के बीच पिता एक साल के मासूम को जबरदस्ती अपने साथ लेकर चला गया। बच्चे की कोई जानकारी नहीं मिलने से परेशान मां को अनहोनी की आशंका सताने लगी। सूचना मिलने पर पंडरी पुलिस ने तत्काल तलाश शुरू की और महज ढाई घंटे की मशक्कत के बाद बच्चे को सकुशल बरामद कर मां की गोद में सौंप दिया। इस कार्रवाई का भावुक पहलू यह रहा कि मंगलवार को ही बच्चे का पहला जन्मदिन था। मां से बिछड़े मासूम का जन्मदिन पुलिसकर्मियों ने थाने में केक काटकर मनाया और उसे खुशियां देने की कोशिश की।
पुलिस के अनुसार, 26 वर्षीय प्रिया पांडेय का विवाह वर्ष 2022 में लाकेश सिंह बंजारे से हुआ था। दोनों के बीच पारिवारिक विवाद के चलते पिछले सात-आठ महीने से अलग रह रहे थे। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे लाकेश दलदल सिवनी स्थित प्रिया के घर पहुंचा। यहां दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि लाकेश ने गाली-गलौज करते हुए प्रिया के साथ हाथ-मुक्के से मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं।
इसी दौरान लाकेश बच्चे को अपने साथ ले जाने का प्रयास करने लगा। स्थिति को देखते हुए पड़ोस में रहने वाली रूबी प्रिया मानिकपुरी ने बच्चे को अपने घर ले जाकर सुरक्षित रखा। बाद में प्रिया जब शिकायत दर्ज कराने पंडरी थाने पहुंची, उसी दौरान शाम करीब छह बजे उसका पति वहां पहुंचा और एक वर्षीय बच्चे के साथ उसका मोबाइल फोन भी जबरदस्ती लेकर चला गया। प्रिया के बार-बार कहने के बावजूद वह बच्चे को लौटाने के लिए तैयार नहीं हुआ।
एक वर्षीय बच्चे की सुरक्षा को देखते हुए पंडरी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। बच्चे के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस ने संभावित ठिकानों पर पतासाजी शुरू की। डीसीपी नॉर्थ दीपमाला कश्यप के मार्गदर्शन और एडीसीपी आदित्य पांडेय व एसीपी पंडरी कृष्ण कुमार चंद्राकर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक परेश पांडेय की टीम ने लगातार प्रयास किए। करीब ढाई घंटे के भीतर बच्चे को सकुशल बरामद कर मां से मिलाया गया।
मासूम का मंगलवार को पहला जन्मदिन था। ऐसे में पुलिसकर्मियों ने उसकी सकुशल वापसी के साथ इस दिन को यादगार बनाने की पहल की। थाना पंडरी में केक काटकर बच्चे का जन्मदिन मनाया गया। मां की गोद में लौटे बच्चे के साथ पुलिसकर्मियों ने खुशियां साझा कीं। इस पहल ने पुलिस की तत्परता के साथ उसके संवेदनशील और मानवीय पक्ष को भी सामने रखा।
प्रिया की शिकायत पर लाकेश सिंह बंजारे (28), निवासी बगदेही पारा, तर्री रोड, गोबरा नवापारा के खिलाफ पंडरी थाने में गाली-गलौज और मारपीट से संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।