
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने बेमेतरा जिले के साजा ब्लॉक मुख्यालय में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी ओंकार सुनवानी को 15 हजार रुपये नगद रिश्वत लेते पकड़ा गया।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार ग्राम केंद्र निवासी किसान नरोत्तम अपने जमीन संबंधी कार्य को लेकर लगातार पटवारी कार्यालय के चक्कर काट रहा था। आरोप है कि काम करने के एवज में पटवारी ने रिश्वत की मांग की थी। सौदा 30 हजार रुपये में तय हुआ था, जिसमें पहली किस्त के रूप में 15 हजार रुपये दिए जाने थे।
एसीबी टीम ने जाल बिछाया
किसान ने मामले की शिकायत एसीबी से की थी। शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही किसान ने पटवारी को 15 हजार रुपये दिए, टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत केस दर्ज किया गया है।
यह भी पढ़ें- दुबई से चल रहा था Online Satta का करोड़ों का नेटवर्क, रायपुर क्राइम ब्रांच ने सटोरिया सोनू फतनानी कैश के साथ दबोचा