
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। पटवारी से राजस्व निरीक्षक पद पर पदोन्नति के लिए आयोजित विभागीय परीक्षा-2024 के प्रश्नपत्र लीक मामले में ईओडब्ल्यू ने बड़ी कार्रवाई की है। मध्यप्रदेश के दो आरोपितों वीर सिंह जाटव (35) और अरविंद जाटव (41) को दिल्ली से गिरफ्तार कर रायपुर लाया गया है। सोमवार को दोनों को विशेष न्यायालय में पेश किया गया, जहां से 23 नवंबर तक आठ दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
ईओडब्ल्यू-एसीबी के मुताबिक दोनों आरोपित मध्यप्रदेश के भिंड जिले के उमरी थाना क्षेत्र स्थित ग्राम घना की गड़िया के निवासी हैं। दोनों ने प्रश्नपत्र मुद्रण समिति से जुड़े सह-आरोपित वीरेंद्र जाटव के साथ मिलकर आपराधिक षड्यंत्र रचा। आरोप है कि परीक्षा की गोपनीयता भंग कर प्रश्नपत्र पहले ही अभ्यर्थियों को उपलब्ध करा दिया गया और इसके बदले मोटी रकम वसूली गई।
राजस्व निरीक्षक विभागीय परीक्षा 7 जनवरी 2024 को आयुक्त भू-अभिलेख द्वारा आयोजित की गई थी। परिणाम के आधार पर 216 अभ्यर्थियों का चयन किया गया था। परीक्षा में अनियमितताओं को लेकर राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की उच्चस्तरीय जांच रिपोर्ट के बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने जांच ईओडब्ल्यू-एसीबी को सौंपी थी। इसके बाद अपराध क्रमांक 64/2025 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच में सामने आया कि आरोपितों ने परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र लीक कर अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराया। लीक प्रश्नपत्र से तैयारी के लिए स्थान भी उपलब्ध कराया गया था। इस पूरी प्रक्रिया में अभ्यर्थियों से मोटी रकम वसूली गई।
15 नवंबर को कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में आरोपितों की शिनाख्त परेड कराई गई। इसमें परीक्षा में शामिल पटवारियों ने दोनों की पहचान प्रश्नपत्र लीक कराने, तैयारी के लिए स्थान उपलब्ध कराने और अवैध वसूली करने वालों के रूप में की। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार किया गया। आरोपितों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7(सी) और आईपीसी की धारा 420, 467, 468, 471, 120-बी के तहत केस दर्ज है।