
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर: आदिवासी और जनजाति शब्दों को लेकर भाजपा-कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव तेज हो गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आदिवासी और जनजाति एक ही समाज के लिए इस्तेमाल होने वाले शब्द हैं, फिर इनके बीच फर्क क्यों किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस 50-55 साल तक केंद्र की सत्ता में रही, लेकिन जनजाति समाज के विकास के लिए अलग मंत्रालय नहीं बनाया।
देवेंद्र नगर स्थित अपने निवास पर पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सिंहदेव ने प्रदेशवासियों को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन पहली बार छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। छत्तीसगढ़ के प्रभारी के रूप में उन्होंने लंबे समय तक पार्टी का मार्गदर्शन किया है।
11 से 18 नवंबर तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए सिंहदेव ने कहा कि 11 से 14 नवंबर तक राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री की प्रेस वार्ता के बाद बस्तर, सरगुजा समेत सभी जिला मुख्यालयों में प्रेस वार्ताएं हो रही हैं। स्मारकों की स्वच्छता और दीपोत्सव भी आयोजित किए गए हैं। 15 नवंबर को प्रदेशभर में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी।
16 से 18 नवंबर तक प्रदेश की सभी 90 विधानसभाओं में युवा संवाद होगा। इसके अलावा जनजाति छात्रावासों में संपर्क अभियान, स्वाभिमान सम्मेलन, शोभायात्रा और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश महामंत्री डा. नवीन मार्कंडेय भी मौजूद रहे।
जनजाति गौरव दिवस के नाम पर हो रहे सरकारी आयोजनों पर सवाल उठाते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार भगवान बिरसा मुंडा के नाम पर दिवस मनाने का ढोंग कर रही है। उनके अनुसार, सरकार आदिवासियों के सम्मान के बजाय उनके शोषण की पटकथा लिख रही है।
दीपक बैज ने कहा कि तमनार में 78 हेक्टेयर घने जंगल जबरिया काटे जा रहे हैं और आदिवासियों को पीटा जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरगुजा, रायगढ़ से लेकर बस्तर तक के जल, जंगल और खनिज अडानी जैसे पूंजीपतियों को सौंपे जा रहे हैं। बैज ने कहा कि मोदी की गारंटी के तहत सात लाख वनाधिकार पट्टे देने का वादा करने वाले अब आदिवासियों को जेलों में डाल रहे हैं। उन्होंने इन आयोजनों को आदिवासी संपदा की कथित लूट पर पर्दा डालने का राजनीतिक नाटक बताया।
जनजातीय गौरव दिवस को लेकर भाजपा जहां प्रदेशभर में कार्यक्रमों की तैयारी में जुटी है, वहीं कांग्रेस इसे आदिवासी मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास बता रही है। आगामी दिनों में दोनों दलों के बीच इस मुद्दे पर सियासी बयानबाजी और तेज होने की संभावना है।