
रायपुर। नईदुनिया प्रतिनिधि
छात्र राजनीति की पृष्ठभूमि पर लिखी अपनी किताब जनता स्टोर के बारे में बात करते हुए नवीन चौधरी ने बताया कि यह विषय बहुत कठिन था। स्टूडेंट लाइफ में उन्होंने इसे बहुत करीब से देखा, इसलिए इस पर लिखने का मन बनाया। राजनीति की वर्तमान स्थिति पर टिप्पणी करते हुए नवीन ने कहा कि सदियों से राजनीति में लाभ उठाने के लिए मोहरों का इस्तेमाल किया जा रहा है। आज की परिस्थिति में राजनीति बहुत ही हिंसक हो चुकी है। धर्म और जाति के नाम पर मारकाट की राजनीति खत्म होनी चाहिए। आज की स्थिति में कोई भी पक्ष निर्दोष नहीं है, बात चाहे सत्ता की हो या फिर विपक्ष की।
ये बात प्रभा खेतान फाउंडेशन के कार्यक्रम 'कलम' में लेखक नवीन चौधरी ने कही। उनसे युवा लेखिका अंकिता जैन ने बातचीत की। अपनी कहानी के बारे में नवीन ने बताया कि कुछ पात्र और घटनाएं सत्य से प्रेरित जरूर हैं, लेकिन इसमें बहुत सी बातें फिक्शन भी हैं। किताबों के बाजार पर अपने विचार रखते हुए नवीन ने कहा कि अभी भी हिंदी के बाजार में बहुत-सी संभावनाएं हैं। युवा पीढी न सिर्फ अच्छा पढ़ रही है, जबकि लेखन भी बढ़िया कर रही है। कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ कथाकार जया जादवानी ने लेखक नवीन चौधरी को स्मृति चिन्ह भेंट किया।