
राज्य ब्यूरो,नईदुनिया, रायपुर। राज्य की तीन बिजली कंपनियों में 1,501 पदों पर भर्ती के लिए अभ्यर्थियों का जबरदस्त रुझान सामने आया है। अब तक डेढ़ लाख से अधिक आवेदन मिल चुके हैं। सबसे ज्यादा प्रतिस्पर्धा डाटा एंट्री ऑपरेटर के 609 पदों को लेकर है, जिनके लिए करीब 81 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।
अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए पावर कंपनी प्रबंधन ने आवेदन की अंतिम तिथि 26 नवंबर से बढ़ाकर तीन दिसंबर कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी अब तीन दिसंबर 2026 की रात 11.55 बजे तक ऑनलाइन आवेदन और शुल्क जमा कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन, ट्रांसमिशन और जनरेशन कंपनी में यह भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। कुल 1,501 पदों में द्वितीय श्रेणी के 195 और तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के 1,306 पद शामिल हैं। भर्ती के तहत 38 प्रकार के पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। विस्तृत विज्ञापन कंपनी की वेबसाइट सीएसपीसी डाट को डाट इन पर उपलब्ध है।
38 तरह के पदों पर होगी भर्ती
डाटा एंट्री आपरेटर के अलावा कनिष्ठ अभियंता, सहायक अभियंता सहित विभिन्न तकनीकी और गैर-तकनीकी पदों के लिए भी आवेदन मिले हैं। डाटा एंट्री ऑपरेटर के पदों पर आवेदकों की संख्या सबसे अधिक है। 609 पदों के लिए करीब 81 हजार आवेदन मिलने से एक पद पर औसतन 133 से अधिक दावेदार हो गए हैं।
सीबीटी के अंकों से बनेगी मेरिट सूची
सभी पदों के लिए चयन कम्प्यूटर बेस्ड टेस्ट (सीबीटी) के माध्यम से होगा। परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाएगी। डाटा एंट्री आपरेटर के लिए मेरिट में चयनित अभ्यर्थियों को टाइपिंग टेस्ट देना होगा। वहीं, स्टेनोग्राफर ग्रेड-तीन के लिए भी निर्धारित दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी।
पावर कंपनी प्रबंधन ने अभ्यर्थियों से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। आवेदन से पहले शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य शर्तों की जानकारी भर्ती विज्ञापन से जांचने को कहा गया है।