रायपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। Conversion In Chhattisgarh: मतांतरण के खिलाफ भाजपा ने मोर्चा खोल दिया है। भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने के लिए मंगलवार को निकले। इस दाैरान पुलिस ने उन्हें रास्ते पर ही रोक लिया। प्रदर्शन दोपहर करीब दो बजे शुरू हुआ। राजधानी में अलग-अलग मंडल से भाजपा कार्यकर्ता प्रदर्शन के लिए निकले। इस दौरान सबसे पहले बुढ़ेश्वर मंदिर, सिविल लाइन, पचपेड़ी नाका, मेकाहारा के पास सैकड़ों कार्यकर्ताओं को रोका गया।
आक्रोशित भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस के बैरिकेट को तोड़कर बढ़ने के बीच पुलिस से खूब झूमाझटकी हुई। प्रदर्शन के दौरान स्थिति को काबू करने के लिए पुलिस सप्रे स्कूल समेत अलग-अलग क्षेत्रों में अस्थाई जेल बनाकर कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया। भाजपा का दावा है कि करीब 8000 कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी दी है।
पूर्व मंत्री व विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि राज्य में मतांतरण हावी है। बड़े आश्चर्य की बात है कि संविधान को जलाने की बात कहने वाले लोगों के खिलाफ राष्ट्रद्रोह का मामला दर्ज करने के बजाय सरकार उनको बचा रही है। पूर्व मंत्री व भाजपा प्रवक्ता राजेश मूणत ने कहा कि सरकार मतंतारण को खुलेआम संरक्षण देकर लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन कर रही है। सांसद सुनील सोनी, जिला अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी ने भी कांग्रेस सरकार के रैवेय पर सवाल उठाए।
शहर के 16 स्थानों से निकला मोर्चा
मीडिया प्रभारी अनुराग अग्रवाल ने बताया कि प्रदर्शन के लिए शहर के 16 अलग-अलग स्थानों से सैकड़ों कार्यकर्ता निकले। इस बीच कांग्रेस सरकार पर मतातंरण को सह देने, भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर नारेबाजी करते रहे। मौके पर ओंकार, नंदे साहू, सुभाष तिवारी, मीनल चौबे, प्रफुल्ल विश्वकर्मा, अशोक पांडे, गोवर्धन खंडेलवाल, सूर्यकांत राठौर, योगी अग्रवाल, राजीव मिश्रा, सुभाष तिवारी, गोवर्धन खंडेलवाल समेत अन्य शामिल थे।