रायपुर, राज्य ब्यूरो। Question On Government: छत्तीसगढ़ में 22 फरवरी से शुरू हो रहे विधानसभा के बजट सत्र में प्रदेश सरकार और उसकी योजनाओं पर सवाल खड़ा करते हुए कांग्रेस विधायकों ने भाजपा विधायकों से ज्यादा सवाल दागे हैं। स्थानीय समस्याओं से लेकर कानून व्यवस्था की स्थिति तक और राज्य की महत्वाकांक्षी गोठान योजना के संबंध में यह सवाल पूछे गए हैं। वैसे तो विधानसभा में अब तक 19 सौ से ज्यादा सवाल लगाए गए हैं।
संख्या बल के लिहाज से भाजपा विधायकों के सवाल पूछने का प्रतिशत भले ही ज्यादा हो, लेकिन सत्ताधारी दल के विधायकों के तीखे सवाल ने ब्यूरोक्रेसी के कान खड़े कर दिए हैं। प्रदेश की 90 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के 70, भाजपा के 14, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के चार और बसपा के दो विधायक हैं। विधानसभा सचिवालय से मिली जानकारी के अनुसार 17 दिन में 1915 सवाल लगाए गए हैं।
विधानसभा सचिवालय में 23 जनवरी से सवाल लगाने की प्रक्रिया शुरू हुई थी। पहले दिन ही 16 तारांकित और पांच अतारांकित सवाल लगाए गए। 12 फरवरी तक 1039 तारांकित और 876 तारांकित सवाल पूछे गए हैं। सचिवालय मंगलवार से ध्यानाकर्षण और स्थगन प्रस्ताव लेना शुरू करेगा। एक सदस्य से 46 ध्यानाकर्षण और 23 स्थगन प्रस्ताव लिए जाएंगे। विधानसभा का सत्र 26 मार्च तक चलेगा।
भाजपा के विधायकों को आक्रामक रूप से उपस्थिति दर्ज कराने का फरमान प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी ने दिया है। इसका असर यह है कि भाजपा विधायक दल की ओर से शराब, कानून व्यवस्था, आदिवासियों की जमीन हड़पने के मुद्दे को लेकर ध्यानाकर्षण लगाया जा रहा है।
नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि सभी ज्वलंत मुद्दों पर ध्यानाकर्षण और सवाल लगाकर सरकार को घेरा जाएगा। विधानसभा सत्र के पहले दिन 22 फरवरी को राज्यपाल का अभिभाषण होगा। कैबिनेट ने राज्यपाल के अभिभाषण को अनुमोदित कर दिया है।
छह सत्र में पूछे गए नौ हजार 382 सवाल
पंचम विधानसभा के छह सत्र में 9382 सवाल पूछे गए। सवाल पूछने में कांग्रेस विधायक दलेश्वर साहू सबसे पहले हैं। वहीं, भाजपा की ओर से सबसे ज्यादा पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने सवाल पूछा। 200 से ज्यादा सवाल पूछने वालों में कांग्रेस और भाजपा के सात-सात विधायक हैं। बसपा के केशव चंद्रा ने 264, इंदु बंजारे ने 239 और जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के धर्मजीत सिंह ने 247 सवाल पूछे।
कांग्रेस विधायक और सवालोें की संख्या
दलेश्वर साहू-267
संतराम नेताम-260
लाखेश्वर बघेल-256
अरुण वोरा-252
धनेंद्र साहू-233
विनोद चंद्राकर-218
प्रकाश नायक-212
भाजपा विधायक और पूछे गए सवाल
डा. रमन सिंह-266
सौरभ सिंह-265
अजय चंद्राकर-264
बृजमोहन अग्रवाल-258
शिवरतन शर्मा-244
रंजना साहू-236
नारायण चंदेल-230
मार्च के पहले सप्ताह में आएगा बजट
विधानसभा सचिवालय के आला अधिकारियों ने बताया कि फरवरी में सत्र पांच दिन चलेगा। इसमें पहले दिन राज्यपाल का अभिभाषण होगा। इसके बाद अभिभाषण पर चर्चा होगी। साथ ही फरवरी में सरकार की ओर से तृतीय अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा। संभावना जताई जा रही है कि मार्च के पहले सप्ताह में राज्य का बजट पेश हो सकता है।
पहली बार के विधायक सवाल पूछने में फिसड्डी
पहली बार के विधायक सवाल पूछने में फिसड्डी नजर आ रहे हैं। छह सत्र बीतने के बाद भी कई विधायक सौ का आंकड़ा पूरा नहीं कर पाए हैं। कांग्रेस विधायक किस्मतलाल नंद ने 34, गुरुदयाल सिंह बंजारे ने 32, द्वारिकाधीश यादव ने 23, मोहित राम ने 12 और विक्रम शाह मंडावी ने सात सवाल पूछे हैं।