
नईदुनिया न्यूज, खैरागढ़: धान खरीदी के दौरान अवैध भंडारण और कालाबाजारी पर अंकुश लगाने प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। खाद्य एवं कृषि उपज मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने बाजार अतरिया में एक व्यापारिक प्रतिष्ठान पर औचक दबिश दी। जांच के दौरान मेसर्स आगर चंद पारख के प्रतिष्ठान में 17 क्विंटल धान का अवैध भंडारण पाए जाने पर टीम ने धान जब्त करने की कार्रवाई की।
संयुक्त टीम ने प्रतिष्ठान का निरीक्षण कर धान के भंडारण और कारोबार से संबंधित दस्तावेजों की जांच की। कार्रवाई करने पहुंची संयुक्त जांच टीम में सहायक खाद्य अधिकारी संजय ठाकुर, खाद्य निरीक्षक विनोद सागर एवं मनीष ध्रुव तथा मंडी उपनिरीक्षक हरीश सिंह शामिल रहे।
धान खरीदी के दौरान व्यापारिक प्रतिष्ठानों में धान के भंडारण और खरीद-बिक्री की गतिविधियों पर विभागीय निगरानी रखी जा रही है। इसका उद्देश्य अवैध भंडारण पर रोक लगाने के साथ ही कृषि उपज के कारोबार में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध भंडारण और कालाबाजारी की रोकथाम के लिए खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त जांच आगे भी जारी रहेगी। प्रतिष्ठानों में औचक निरीक्षण कर अनियमितता पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।