Dhan Kharidi : खरीदी केंद्रों में भरा बारिश का पानी, छत्तीसगढ़ में बिना धान बेचे लौटे किसान
चक्रवाती तूफान 'अकवान' के असर से हो रही बेमौसम बारिश ने छत्तीसगढ़ के धान किसानों पर दोहरी मार डाली है, जिससे खेतों में कटी फसल भीगने के साथ कई उपार्जन केंद्रों पर तौल ठप हो गई है। पानी भरने के कारण खरीदी बंद होने से पहले से टोकन कटवा चुके किसानों को किराए के वाहनों में भरा धान लेकर वापस लौटना पड़ा।
Publish Date: Sat, 21 Nov 2026 04:25:30 PM (IST)Updated Date: Sat, 21 Nov 2026 04:25:30 PM (IST)
छत्तीसगढ़ में बेमौसम बारिश के बीच खरीदी केंद्रों पर धान की तौल और उपज को भीगने से बचाने तिरपाल से ढंकते किसान व समिति कर्मचारी।HighLights
- खरीफ सीजन में अर्नब और मुरासु के बाद तीसरे चक्रवाती तूफान अकवान का असर
- दुर्ग में 1092 टोकन जारी हुए, लेकिन बारिश के कारण सिर्फ 21 पर हुई तौल
- खरीदे गए धान को नमी से बचाने के लिए तिरपाल और भूसे का लिया जा रहा सहारा
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। चक्रवाती तूफान 'अकवान' के प्रभाव से पिछले 24 घंटों से हो रही रुक-रुक कर बारिश ने छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर चल रही धान खरीदी की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। खरीफ सीजन में अर्नब और मुरासु के बाद आए इस तीसरे समुद्री तूफान ने प्रदेश के अन्नदाताओं के सामने दोहरा संकट खड़ा कर दिया है। एक ओर जहां खेतों और खलिहानों में कटी रखी धान की फसल भीगने से गुणवत्ता खराब होने व अंकुरण का खतरा बढ़ गया है, वहीं दूसरी ओर कई जिलों के खरीदी केंद्रों में पानी भरने के कारण तौल बंद करनी पड़ी है।
किराए की गाड़ी लेकर लौटे
बारिश की वजह से सबसे ज्यादा आर्थिक नुकसान उन किसानों को उठाना पड़ रहा है, जो पहले से टोकन कटवाकर किराए के वाहनों में उपज लेकर केंद्रों तक पहुंचे थे। दुर्ग जिले में शुक्रवार को 1,092 टोकन जारी किए गए थे, लेकिन मौसम खराब होने के कारण केवल 21 टोकन पर ही 83.72 मीट्रिक टन धान की खरीदी हो सकी। कई किसान सैकड़ों कट्टा धान लेकर केंद्र पहुंचे थे, जिन्हें बिना तौल कराए लौटना पड़ा और अब उन्हें दोबारा वाहन किराए का खर्च उठाना पड़ेगा। इसी तरह रायपुर के केंद्रों में भी जलभराव से काम प्रभावित रहा, जिससे उपज बेचने पहुंचे किसानों की चिंता बढ़ गई है। धमतरी जिले के 108 केंद्रों में से केवल आमदी और मगरलोड में ही खरीदी हो सकी, जबकि शंकरदाह सोसायटी में 27 किसानों के टोकन होने के बावजूद तौल नहीं हो पाई।
कई जिलों में तौल बंद
प्रदेश के अन्य प्रमुख धान उत्पादक जिलों में भी बारिश ने खरीदी व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित किया है। बिलासपुर जिले में चालू किए गए 122 केंद्रों में से अधिकांश स्थानों पर शुक्रवार सुबह से ही तौल का काम रुका रहा, जिससे खरीदी की गति थम गई। रायगढ़ जिले में 112 में से 13 केंद्रों पर खरीदी शुरू हुई थी, लेकिन बारिश के चलते शुक्रवार को यहां आवक घटकर महज 200 क्विंटल के आसपास सिमट गई। उधर, सरगुजा जिले में दोपहर बाद शुरू हुई बारिश को देखते हुए प्रशासन ने सभी केंद्रों पर खरीदी बंद करा दी, साथ ही ग्रामीण इलाकों में धान की कटाई और मिसाई का काम भी पूरी तरह ठप हो गया है।
धान को भीगने से बचाने की चुनौती
लगातार हो रही बारिश के बीच समितियों के सामने पहले से खरीदे जा चुके लाखों क्विंटल धान को सुरक्षित रखना बड़ी चुनौती बन गया है। रायपुर और धमतरी सहित विभिन्न जिलों के केंद्रों में धान के ढेरों को कैप कवर और तिरपाल से ढंका गया है। जमीन की नमी से बोरियों को बचाने के लिए चबूतरे, लकड़ी और भूसे की परत बिछाई जा रही है तथा पानी निकासी के लिए अस्थायी नालियां बनाई गई हैं। इस बीच, दुर्ग जिले के कोलिहापुरी केंद्र में धान को खाद गोदाम में रखवाने के फैसले पर किसान कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है। मौसम साफ होने के बाद ही अब खरीदी और खेती के काम दोबारा गति पकड़ सकेंगे।