
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में अपने बीमार बेटे का उपचार कराने आई 38 वर्षीय महिला संदिग्ध परिस्थितियों में रहस्यमय तरीके से लापता हो गई है। लापता महिला की पहचान कली बाई मंडावी के रूप में हुई है। काफी खोजबीन के बाद जब उनका कोई सुराग नहीं लगा, तो परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस की शरण ली। आमानाका थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध अपराध दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, कली बाई मंडावी खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के सुदूर ग्राम मजगांव बकरकट्टा की रहने वाली हैं। उनके बेटे संतोष मंडावी की तबीयत काफी समय से खराब चल रही थी, जिसके बेहतर इलाज के लिए वह 19 अक्टूबर को रायपुर एम्स आई थीं। इस दौरान उनके साथ उनका भाई बिसरू पोर्ते भी मौजूद था। दोनों अस्पताल में रहकर बेटे का उपचार करवा रहे थे। परिवार बेटे के जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद लगाए बैठा था, लेकिन महिला के अचानक गायब हो जाने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना 22 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे की बताई जा रही है। अस्पताल परिसर में मौजूद कली बाई अचानक वहां से कहीं निकल गईं। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटीं, तो उनके भाई और परिजनों की चिंता बढ़ गई। परिजनों ने अस्पताल के सभी वार्डों, गैलरी, प्रतीक्षालय और आसपास के बाजारों में खोजबीन की। इसके अलावा रायपुर और गृह जिले में रहने वाले सभी परिचितों व रिश्तेदारों से संपर्क साधा गया, लेकिन उनका कहीं कोई पता नहीं चला।
लगातार तलाश के बाद भी सफलता न मिलने पर परिजनों ने 23 अक्टूबर को आमानाका पुलिस थाने पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। हालांकि परिजनों ने किसी भी व्यक्ति पर व्यक्तिगत तौर पर अपहरण का सीधा आरोप नहीं लगाया है, लेकिन कानूनन प्रक्रिया और किसी अनहोनी की आशंका के तहत पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।
पुलिस की विशेष टीम ने एम्स अस्पताल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि महिला के जाने की दिशा और संभावित संदिग्धों की पहचान की जा सके। इसके साथ ही अस्पताल के सुरक्षा गार्डों और ऑटो चालकों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उन्हें सकुशल ढूंढ निकाला जाएगा।