
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी के कबीर नगर थाना क्षेत्र स्थित हीरापुर में बंद पड़ी अमरनाथ इस्पात फैक्ट्री में सुरक्षाकर्मी को बंधक बनाकर लाखों रुपये की डकैती की वारदात को सुलझाते हुए पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने से पहले करीब एक सप्ताह तक फैक्ट्री की रेकी की थी। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लूटा गया सामान और परिवहन में प्रयुक्त वाहन समेत कुल 17 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, अमरनाथ इस्पात फैक्ट्री वर्ष 2020 से बंद पड़ी है, जहां दिलीप कुमार वर्मा बतौर सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। 22 अक्टूबर की दरमियानी रात करीब डेढ़ बजे बाउंड्रीवाल के अंधेरे हिस्से से संदिग्ध को आता देख उसने ललकार लगाई। चेहरे पर कपड़ा बांधे सात से आठ अन्य बदमाश भीतर दाखिल हो गए। उन्होंने गार्ड को बंधक बनाया। तांबे-एल्युमिनियम के तार, कॉपर क्वाइल, प्लेट्स, पैनल कार्ड और नकदी समेटकर फरार हो गए।
डकैती की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और कबीर नगर पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच टीम ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और आने-जाने वाले संदिग्ध मार्गों का तकनीकी विश्लेषण किया। मुखबिर तंत्र और पुराने आपराधिक रिकॉर्ड्स की जांच के दौरान सरोना की बीएसयूपी कॉलोनी निवासी संदीप नेताम (35) की भूमिका संदिग्ध पाई गई। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की बात कबूल कर ली।
पुलिस ने संदीप की निशानदेही पर उसके दो अन्य साथियों अजीत भारती (30) और उमेंद्र ठाकुर उर्फ उमेन (27) को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए तीनों बदमाशों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। संदीप मारपीट व चोरी, उमेंद्र नकबजनी और अजीत प्रतिबंधात्मक मामलों में पहले भी जेल जा चुके हैं। पुलिस ने इनके पास से टाटा एस और स्कूटी सहित चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया है, जबकि फरार अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।