
रायपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। Chhattisgarh Weather: प्रदेश की राजधानी रायपुर और राजनांदगांव गुरुवार को सर्वाधिक गर्म जगहों में शामिल रहे। दोनों का ही अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रायपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में बढ़ोतरी की वजह से उमस में भी थोड़ी बढ़ोतरी होने लगी है।
उमस व गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत की बात यह है कि मौसम विभाग ने फिर से मानसूनी सिस्टम के मजबूत होने की बात कही है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि पांच सितंबर से प्रदेश भर में व्यापक बारिश के आसार है। व्यापक वर्षा का क्षेत्र मुख्य रूप से दक्षिण छत्तीसगढ़ के ही रहने की संभावना है।
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि मानसून द्रोणिका नलिया, उदयपुर, तमिलनाडू के ऊपर 1.5 किमी से 3.1 किमी ऊंचाई तक है। इसके प्रभाव से ही शुक्रवार तीन सितंबर को कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। साथ ही गरज चमक के साथ छींटे पड़ेंगे।
रायपुर जिले में अब तक 638.3 मिमी बारिश
रायपुर जिले में अब तक 638.3 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है। बीते 24 घंटों में रायपुर जिले के करीब सभी विकासखंडों में बारिश दर्ज की गई है। जिले में पिछले दस वर्षों में 819.4 मिमी औसत वर्षा हुई थी। प्रदेश में खंड वर्षा की वजह से किसानों और सरकार, दोनों चिंतित हैं। प्रदेश में अब तक 792.8 मिमी वर्षा हुई है। वहीं, प्रदेश के 14 जिलों में जहां सामान्य बारिश हुई है, जबकि 12 जिलों में कम बारिश हुई है और केवल एक जिले में ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।