
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी के आजाद चौक थाना क्षेत्र में मुराद पूरी करने के नाम पर एक नाबालिग लड़के के साथ अश्लील हरकत करने वाले ढोंगी पीर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी बाबा ने 17 वर्षीय प्रार्थी को कमरे में बंद कर उसके कपड़े उतरवाए और अपमानित किया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, खैरागढ़ जिले का रहने वाला आरोपी पीर मुस्तकीम बेग (40 वर्ष) आजाद चौक क्षेत्र के ईदगाहभाठा स्थित एक मकान में था। बीते 15 जून को 17 वर्षीय पीड़ित अपनी किसी मन्नत (मुराद) को पूरी कराने की आस लेकर पीर के पास पहुंचा था। वो जैसे ही कमरे के भीतर गया। किसी ने बाहर से दरवाजा बंद कर दिया।
घर लौटने के बाद पीड़ित ने अपने परिजनों को आपबीती सुनाई। इसके बाद परिजनों के साथ थाना आजाद चौक पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने आरोपी बाबा मुस्तकीम के खिलाफ अपराध क्रमांक 151/26, धारा 127(2) बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) और धारा 11(2) पाक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने आजाद चौक थाना प्रभारी को आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने प्रार्थी और परिजनों से विस्तृत पूछताछ की और घेराबंदी कर आरोपी मुस्तकीम बेग (पिता सलीम बेग, उम्र 40 वर्ष), निवासी खैरा नवापारा, तहसील छुईखदान-गंडई, जिला खैरागढ़ (छ.ग.) को धरदबोचा। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।