
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। फाफाडीह स्थित एक्सिस बैंक की देवेंद्र नगर शाखा में पदस्थ डिप्टी मैनेजर कुलदीप सिंह बिसेन (26) को गंज पुलिस ने बैंक ग्राहक के खाते से 14.97 लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, कुलदीप ने एक्सिस बैंक के एक पूर्व कर्मचारी के साथ मिलकर बिलासपुर निवासी वरिष्ठ नागरिक सुषमा कुमार के खाते को निशाना बनाया। आरोपितों ने पहले खाते में दर्ज मोबाइल नंबर बदला और फिर मोबाइल बैंकिंग की ट्रांजेक्शन लिमिट बढ़ाकर एफडी की रकम निकाल ली।
पुलिस जांच के अनुसार सुषमा कुमार का बैंक खाता लंबे समय से कम सक्रिय था। आरोपितों ने इसी खाते की जानकारी हासिल कर उसे धोखाधड़ी के लिए चुना। डिप्टी मैनेजर कुलदीप सिंह बिसेन ने ग्राहक के खाते से संबंधित जानकारी अपने ऐसे साथी के साथ साझा की, जो पहले एक्सिस बैंक में कर्मचारी रह चुका था।
पुलिस के अनुसार, पूर्व कर्मचारी ने सुषमा कुमार के नाम पर फर्जी कस्टमर एप्लीकेशन फार्म तैयार किया। इसके बाद यह फार्म बैंक की आधिकारिक ई-मेल आइडी पर भेजा गया। शाखा में डिप्टी मैनेजर के पद पर तैनात कुलदीप ने आवेदन को प्रोसेस किया और ग्राहक के खाते में दर्ज मोबाइल नंबर बदल दिया।
खाते में मोबाइल नंबर बदलने के बाद आरोपितों ने मोबाइल बैंकिंग एप को सक्रिय किया। इसके बाद मोबाइल बैंकिंग की ट्रांजेक्शन लिमिट बढ़ाई गई। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद योगेश येडे के खाते को बेनिफिशियरी के तौर पर जोड़ा गया।
आरोपितों ने खाते में जमा एफडी को समय से पहले बंद कर उसकी रकम सेविंग खाते में ट्रांसफर कर दी। इसके बाद करीब 14.97 लाख रुपये योगेश येडे के इंडियन सेल्स नामक खाते में भेजे गए। इस पूरी प्रक्रिया की जानकारी संबंधित ग्राहक को नहीं थी।
रकम योगेश येडे के खाते में पहुंचने के बाद पंडरी स्थित एक्सिस बैंक शाखा से सेल्फ चेक के जरिये दो बार में नकद राशि निकाली गई। इस तरह खाते से करीब 14.97 लाख रुपये की रकम निकाल ली गई। बैंक ग्राहक को इस लेनदेन की जानकारी नहीं थी।
मामला सामने आने के बाद बैंक स्तर पर पूरे घटनाक्रम की आंतरिक जांच कराई गई। जांच में खाते से रकम ट्रांसफर होने और नकदी निकाले जाने की जानकारी सामने आई।
आंतरिक जांच के बाद वर्तमान शाखा प्रबंधक ने गंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान बैंकिंग रिकॉर्ड, ई-मेल, मोबाइल बैंकिंग एप की गतिविधियों, ट्रांजेक्शन और कैश विड्रॉल से संबंधित दस्तावेज जुटाए गए।
पुलिस ने उपलब्ध बैंकिंग रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों के आधार पर डिप्टी मैनेजर कुलदीप सिंह बिसेन को गिरफ्तार किया। पूछताछ में कुलदीप ने एक अन्य पूर्व एक्सिस बैंक कर्मचारी की भूमिका के संबंध में जानकारी दी है। पुलिस अब उसकी भूमिका की भी जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित कुलदीप सिंह बिसेन मूल रूप से सतना का रहने वाला है। मामले में पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है और धोखाधड़ी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।