Raipur Boating Competition: रायपुर। मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर महादेव घाट स्थित खारुन नदी में पहली बार नौकायान प्रतियोगिता हुई। मुख्यमंत्री ने महादेव घाट पहुंच प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने गुब्बारे छोड़कर प्रतियोगिता की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि यहां का सुरम्य माहौल कश्मीर के डल झील से कम नहीं है। सुंदर फूलों से सजी सुसज्जित नौका देखते ही बन रही हैं। प्रतिभागी अपनी नौका पर मुख्यमंत्री बघेल का कटआउट लगाए हुए थे। प्रतियोगिता में 40 प्रतिभागी शामिल हुए।
इस अवसर पर संसदीय सचिव विकास उपाध्याय, महापौर एजाज ढेबर, प्रमोद दुबे सहित अन्य मौजूद थे। प्रतियोगिता में मोहन धीवर, नीलकमल निषाद, लक्की धीवर, टेकराम धीवर, पुरुषोत्तम धीवर, मोहन धीवर, गौतम धीवर, मंगलू धीवर, नागेश्वर, मोहित धीवर, सूरज, नारायण, भोलाराम, ढालूराम, अजय, माखन धीवर, लोकनाथ, सूरज, सुनील, शेषनारायण, अशोक, पुनाराम, गोविंद, पुरुषोत्तम, रमेश, नरहरी सहित अन्य प्रतिभागियों ने भाग लिया।
इन दिग्गजों ने भी दी बधाई
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को जन्मदिन पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला और छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसुईया उइके सहित केंद्रीय मंत्री, राज्यों के मुख्यमंत्रियों, राष्ट्रीय नेताओं और राष्ट्रीय मीडिया के प्रतिनिधियों ने बधाई दी। राष्ट्रपति कोविंद ने फोन करके बधाई दी। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी ट्वीट कर और पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने फोन कर मुख्यमंत्री को बधाई दी।
सहस्त्रधारा पूजा कर मुख्यमंत्री की लंबी आयु की कामना
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के जन्मदिन पर उनकी लंबी आयु और प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए कचना रोड स्थित सुरेश्वर महादेवपीठ में सहस्त्रधारा पूजा का आयोजन किया गया। कांग्रेस कमेटी के जिला उपाध्यक्ष राकेश धोतरे के नेतृत्व में सोमवार को सुबह विशेष पूजा-अर्चना की गई। सुरेश्वर महादेवपीठ के आचार्य स्वामी राजेश्वरानंद सरस्वती और 11 विद्वान पंडितों के सान्निाध्य में पूजा-अर्चना के पश्चात सहस्त्रधारा में श्रद्धालु शामिल हुए। प्रमुख रूप से कांग्रेस कमेटी के शहर जिला अध्यक्ष गिरीश दुबे समेत कई लोग मौजूद रहे।