
रायपुर। Raipur Crime छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत जिले भर में हत्याओं का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। अपराधी इतने बेखौफ हो गए हैं कि शहर के पॉश इलाके में दिनदहाड़े घर में घुसकर हत्या करने से नहीं चूक रहे हैं। मंगलवार को 12 घंटे के भीतर तीन लोगों की हत्या से शहर दहल गया। सुबह जहां टिकरापारा इलाके के एक हॉस्टल में घुसकर दो सगी बहनों मनीषा और मंजू सिदार की हत्या कर दी गई, वहीं रात के समय उरला में एक निगरानी बदमाश रूपेंद्र देवांगन की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। सगी बहनों के हत्यारे 36 घंटे बाद भी गिरफ्त से बाहर हैं। पिछले तीन साल में इस साल सबसे अधिक 80 से अधिक हत्याएं हो चुकी हैं। वर्ष 2018 में 47 तो वर्ष 2017 में 54 लोगों की हत्याएं हुई हैं।
चाकूबाजों की बढ़ी धमक
रायपुर में बात-बात पर चाकूबाजी की वारदात हो रही है। शहर का ऐसा कोई इलाका नहीं बचा, जहां चाकूबाजों की धमक न हो। दो से तीन शिकायत रोज थाने में आ रही है। पिछले दो महीने के भीतर चाकूबाजी की 80 से अधिक छोटी-बड़ी घटनाएं हुई है। दरअसल पुलिस की नियमित चेकिंग व गश्त न होने से अपराधी और असामाजिक तत्व बेखौफ हो गए है।
नशेबाज हावी, बदमाशों का लग रहा जमघट
गली-मोहल्लों के साथ रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड में देर रात तक बदमाशों का जमघट लग रहा है। चाकूबाजी की अधिकतर वारदात को नए नाबालिग और बदमाश अंजाम दे रहे हैं। नाबालिग से लेकर बदमाश युवक नशे की गोली, कफ सिरप, शराब सेवन कर चाकूबाजी कर रहे हैं। लूट, चोरी समेत अन्य गंभीर अपराधों में लगातार इजाफा हो रहा है। पिछले 11 महीने में लूट के 90 और चोरी के 12 सौ से अधिक केस थानों में दर्ज हुए हैं।
.jpg)
चर्चित हत्याएं
- बुल्ठू पाठक हत्याकांड।
- माना में महिला और बच्ची की हत्याकर लाश जलाने की वारदात।
- अक्टूबर महीने में अज्ञात युवती की बदमाशों ने गला घोटकर हत्या के बाद लाश को तर्रा, नवागांव(राखी) के नहर में फेंका। शिनाख्त नहीं।
- गणेश विसर्जन के दौरान राजेंद्रनगर में सुहैल उर्फ छोटा मोनू, गोलबाजार इलाके में जयचंद मंडावी और पुरानी बस्ती इलाके में योगेंद्र नायक की चाकू मारकर की गई हत्या।
- उरला थाना क्षेत्र के बाना गांव में एक महिला और उसके दो मासूम बच्चों की दामाद ने ही हत्या कर लाश को जलाने की कोशिश की थी।
- देवेंद्र नगर पुलिस थाने के नजदीक गंगा नगर में प्रिंस अग्रवाल की चाकू मारकर उसके दोस्त ने ही हत्या कर दी थी।
- पंडरी थाना क्षेत्र के दलदल सिवनी में पैसे के लेनदेन के विवाद में नाबालिग ने दुर्गेश पांड्या की कैंची मारकर हत्या कर दी थी।
-देवेंद्रनगर आफिसर्स कालोनी के पीछे एक्सप्रेस-वे के नीचे सर्विस रोड पर पत्थर से सिर कुचलकर रजत उर्फ पंकज पाठक (30) की उसके ही दो दोस्त गिरेंद्र यदु उर्फ बिट्टू और रविकांत श्रीवास ने हत्या कर दी थी।
- पत्नी तर्पणा साहू के मोबाइल पर बार-बार कॉल आने से परेशान पति कृष्णकुमार साहू उर्फ कृष्णा भरेंगाभाठा नर्सरी के पास नहरपार पगडंडी रास्ते पर ले जाकर पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी थी।
- परसदा स्टेडियम के सुरक्षा गार्ड देवेश जांगड़े की हत्या की गुत्थी अब तक अनसुलझी।
- गुढ़ियारी के कृष्णा सोनी उर्फ राघव की हत्याकर लाश को कुम्हारी के पास चंदनीडीह में खारुन नदी में फेंकने वाले कलिंगनगर के गोपाल उर्फ भुरु तांडी और खालबाड़ा के राजा नायक समेत एक नाबालिग को गिरफ्तार किया गया था।