
रायपुर। Ram Mandir Pran Pratishtha: भगवान राम के ननिहाल यानी छत्तीसगढ़ के घी से अयोध्या का रामलला दरबार 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर जगमग हो उठेगा। राजधानी के पशुपालक किसानों को गाय के शुद्ध घी का अयोध्या से आर्डर मिला है। बताया जा रहा है कि ट्रस्ट ने पशुपालकों को जितनी मात्रा में हो सके उतनी भेजने को कहा है। इसके अलावा बड़ी संख्या में गोबर के दीये का एडवांस बुकिंग मिला है। फिलहाल घी और गोबर के दीये रायपुर में बनाए जा रहे हैं।
राजधानी के गोकुल नगर के पशुपालक रितेश अग्रवाल ने बताया कि अयोध्या से घी का आर्डर मिला है। उन्होंने बताया कि गाय के शुद्ध घी ही भेजना है। दूध को एकत्रित करने से लेकर घी निकालने तक की प्रक्रिया मिट्टी के बर्तन में ही करना है। इसके अलावा घी को पकाने के लिए मिट्टी के चूल्हे का ही उपयोग करना है। इन प्रक्रियाओं का वीडियोग्राफी भी करना है। फिलहाल अभी घी बनाने की प्रक्रिया चल रही है।
उन्होंने कहा कि घी का आर्डर मिलना हमारे लिए और छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है। अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर छत्तीसगढ़ से पहले ही चावल की बड़ी खेप भेजी जा चुकी है। अब चंदखुरी समेत छत्तीसगढ़ के संगम स्थल नदियों के पानी भी भेजने की तैयारी है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ के फूल उत्पादक किसानों ने बड़ी मात्रा में फूल और सब्जी भेजने के लिए तैयारी कर ली है।
रितेश ने बताया कि गोबर के दीये की भी डिमांड है। अभी पांच हजार से अधिक दीये का आर्डर €मिला है। महिलाएं दीये बनाने का कार्य कर रही हैं। इसके अलावा रामलला के प्राण प्रतिष्ठा को देखते हुए रामलला के साथ अन्य देवी-देवताओं की मूर्तियां बनाने की तैयारी है। इसके अलावा फूलों से अगरबस्ती बनाई जा रही है।