• Jagran.com
  • Jagran Josh
  • Her Zindagi
  • Onlymyhealth
  • Jagran TV
  • Vishvas News
  • Inextlive
मेरी खबरें
  • होम
  • ताजा खबरें
  • मध्यप्रदेश
  • छत्तीसगढ़
  • उत्तर प्रदेश
  • देश
  • धर्म
  • मनोरंजन
  • राशिफल
  • लाइफस्टाइल
  • अन्य
    • बिज़नेस
    • बड़ी खबरें
    • खेल
    • विदेश
    • करियर
    • टॉपिक्स
    • टेक्नोलॉजी
    • शिक्षा
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • राशिफल
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • फटाफट
  • राशिफल
  • वेब स्टोरीज
नईदुनिया ट्रेंडिंग
  • बढ़ता यूपी
  • समृद्ध उत्तराखंड
  • Mutual Funds मास्टरी
  • होम
  • छत्तीसगढ़
  • रायपुर

रायपुर में MG मोटर्स एजेंसी के नाम पर 21 लाख की ठगी, फेसबुक विज्ञापन देखकर किया था आवेदन

रायपुर में MG मोटर्स की एजेंसी दिलाने के नाम पर सिविल कांट्रेक्टर से 21.45 लाख की ठगी हुई। फेसबुक पर फर्जी विज्ञापन देखकर आवेदन किया था।

By Digital DeskEdited By: Akash Sharma
Publish Date: Fri, 02 Oct 2026 03:47:34 PM (IST)Updated Date: Fri, 02 Oct 2026 03:47:34 PM (IST)
रायपुर में MG मोटर्स एजेंसी के नाम पर 21 लाख की ठगी, फेसबुक विज्ञापन देखकर किया था आवेदन
रायपुर में MG मोटर्स की एजेंसी के नाम पर 21 लाख से ज्यादा की ठगी (AI Generated Image)

HighLights

  1. 21 लाख 45 हजार रुपये जमा कराए
  2. 12 कार भेजने का झांसा देकर मांगे पैसे
  3. DD नगर थाने में धोखाधड़ी का केस दर्ज

नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी रायपुर में फेसबुक पर फर्जी विज्ञापन दिखाकर ठगी का मामला सामने आया है। MG मोटर्स की एजेंसी दिलाने के नाम पर सिविल कांट्रेक्टर से 21 लाख 45 हजार 700 रुपये ठग लिए गए। मामले की शिकायत DD नगर थाने में दर्ज की गई है। पुलिस ने अज्ञात मोबाइल धारकों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फेसबुक पर विज्ञापन देखकर शुरू हुआ संपर्क

अग्रोहा सोसायटी रायपुरा निवासी मनोज कुमार सिन्हा पेशे से सिविल कांट्रेक्टर हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 27 जुलाई 2026 को उन्होंने फेसबुक पर MG मोटर्स की ओर से रायपुर में शोरूम खोलने का विज्ञापन देखा। विज्ञापन में इच्छुक लोगों से एक लिंक के जरिए बायोडाटा भरने को कहा गया था। मनोज ने ऑनलाइन फॉर्म में अपनी डिटेल भर दी।


अगले दिन एक महिला का फोन आया। उसने खुद को MG मोटर्स की कर्मचारी बताया और रायपुर में एजेंसी के आवेदन को लेकर जानकारी ली। महिला ने शोरूम के लिए प्रपोज्ड जमीन की फोटो मांगी और दो ई-मेल आईडी भी दीं। मनोज ने जमीन की फोटो भेज दी। महिला ने बताया कि शोरूम बनाने में करीब एक साल लगेगा, इसलिए किराए पर जगह लेने की सलाह दी।

पहले 2.95 लाख, फिर 18.50 लाख जमा कराए

आरोपियों ने रजिस्ट्रेशन के नाम पर 2 लाख 95 हजार 700 रुपये एक बैंक अकाउंट में जमा करने को कहा। मनोज ने 7 सितंबर को अपनी फर्म PS कंस्ट्रक्शन के बैंक अकाउंट से RTGS के जरिए रकम ट्रांसफर कर दी। इसके बाद उन्होंने अग्रोहा कॉलोनी, रिंग रोड नंबर-1 किनारे शोरूम के लिए दुकान किराए पर ले ली।

कुछ दिन बाद आरोपियों ने सिक्योरिटी डिपॉजिट के नाम पर 18 लाख 50 हजार रुपये और जमा करने को कहा। मनोज ने 25 सितंबर को अपने पंजाब नेशनल बैंक अकाउंट से RTGS के जरिए ये रकम भी बताए गए अकाउंट में भेज दी। इस तरह दोनों ट्रांजेक्शन मिलाकर कुल 21 लाख 45 हजार 700 रुपये जमा हो गए।

12 कार भेजने का झांसा, 20 प्रतिशत और मांगा

सिक्योरिटी राशि जमा होने के बाद आरोपियों ने मनोज को 12 MG कारें भेजने का आश्वासन दिया। इसके लिए 12 गाड़ियों की कीमत का 20 प्रतिशत और जमा करने को कहा गया। इतनी बड़ी रकम दोबारा मांगने पर मनोज को शक हुआ। उन्होंने कंपनी से इसकी सच्चाई पता करने का फैसला किया।

गुरुग्राम ऑफिस पहुंचने पर खुला फर्जीवाड़ा

30 सितंबर को मनोज खुद MG मोटर्स के गुरुग्राम स्थित कॉर्पोरेट ऑफिस पहुंचे। वहां उन्होंने उन मोबाइल नंबरों पर कॉल करने की कोशिश की, जिनसे लगातार बात हो रही थी, लेकिन तीनों नंबर बंद मिले। कंपनी के स्टाफ से पूछताछ में पता चला कि उन नंबरों के धारक MG मोटर्स इंडिया में काम ही नहीं करते। इसके बाद साफ हो गया कि उनके साथ फ्रॉड हुआ है। रायपुर लौटकर उन्होंने DD नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।