
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। धरसींवा थाना क्षेत्र के परसतराई में टाटा मैजिक से मिली चादर में लिपटी लाश की पहचान पठारीडीह निवासी मोहन निषाद (44) के रूप में हो गई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह संपत्ति के बंटवारे से जुड़ा विवाद सामने आया है। हत्या का आरोप मृतक के बड़े दामाद पर है। वारदात में चार लोगों के शामिल होने की जानकारी पुलिस को मिली है।
आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों के लिए रवाना कर दी गई हैं। मृतक के घर को सील कर दिया गया है। उस घर से पुलिस ने सामान जब्त किया है।
गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात धरसींवा क्षेत्र में पुलिस की पेट्रोलिंग टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक यात्री वाहन टाटा मैजिक का चालक पुलिस की जांच देखकर गाड़ी को पीछे करने लगा और परसतराई गांव की ओर जाने वाले रास्ते पर ले गया। पुलिसकर्मियों ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन वह गाड़ी लेकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो कुछ दूर जाकर आरोपित गाड़ी को गांव की एक गली के पास छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए खेतों की ओर भाग निकले। पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसके अंदर सफेद चादर में लिपटी एक व्यक्ति की लाश मिली। इसके बाद पुलिस ने शव की पहचान और हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए जांच शुरू की।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि मोहन निषाद घर में अकेले रहता था। कुछ माह पहले उसने अपनी जमीन बेचकर प्राप्त रकम अपने तीनों दामादों के बीच बांटी थी। इसके अलावा दामादों को व्यवसाय में मदद करने के लिए आटो और अन्य सामान भी खरीदकर दिया था। बताया जा रहा है कि बड़े दामाद को बंटवारे में मिली रकम और संपत्ति से संतुष्टि नहीं थी। इसी बात को लेकर उसका ससुर से विवाद हुआ था। पुलिस को आशंका है कि इसी विवाद के बाद बड़े दामाद ने मोहन की हत्या की योजना बनाई।
जांच में यह भी जानकारी सामने आई है कि हत्या से पहले बड़ा दामाद अपने कुछ साथियों के साथ मोहन निषाद के घर पहुंचा था। वहां शराब पार्टी हुई। पार्टी के दौरान मोहन ने शराब पी ली और नशे में हो गया। इसी दौरान आरोपित ने कथित रूप से जीआइ तार से गला घोंटकर अपने ससुर की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई गई। इसके लिए पार्टी में शामिल एक अन्य व्यक्ति के माध्यम से टाटा मैजिक वाहन बुक कराया गया। शव को चादर में लपेटकर वाहन में रखा गया और उसे परसतराई की ओर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस की नजर वाहन पर पड़ गई और आरोपित गाड़ी छोड़कर भाग गए।
पुलिस अब फरार आरोपितों की तलाश के साथ हत्या में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। वाहन किसने बुक कराया, हत्या की योजना कब बनाई गई और वारदात के बाद शव को कहां ठिकाने लगाने की तैयारी थी, इन बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश देने के लिए रवाना हो गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद हत्या की पूरी कहानी और घटनाक्रम और स्पष्ट हो सकेगा।