रायपुर(निप्र)। 'भूखों को अन्न और प्यासों को पानी...जय बाबा बर्फानी' तथा हर-हर महादेव...बोल बम... के जयघोष से मंगलवार की दोपहर रेलवे स्टेशन परिसर गूंज उठा। दोपहर करीब 12.30 बजे दुर्ग-जम्मूतवी एक्सप्रेस जैसे ही रायपुर स्टेशन पहुंची, सैकड़ों यात्री उत्साह से नारे लगाते हुए ट्रेन में सवार हुए। अमनाथ यात्रा पर जाने वाले यात्रियों को उनके परिजनों ने फूल माला पहनाकर, तिलक लगाकर रवाना किया और मंगलमय यात्रा की कामना की। स्टेशन पर भक्तिभरा माहौल था, कुछ श्रद्धालु डमरू बजाते हुए भोलेनाथ के जयकारे लगा रहे थे तो वहीं अनेक श्रद्धालुओं ने जय भोले और ऊँ नमो शिवाय लिखा हुआ गेरुआ वस्त्र पहन रखा था। इनमें कुछ ऐसे साधु भी शामिल हुए जो हाथों में त्रिशूल लिए हुए थे। प्रायः ट्रेन की हर बोगी में अमरनाथ जाने वाले द्धालु ही नजर आए। दुर्ग, भिलाई, बालोद, राजनांदगांव से अनेक श्रद्धालु पहले ही सवार थे, वहीं रायपुर से चढ़ने वाले श्रद्धालुओं में धमतरी, राजिम, महासमुंद के यात्री शामिल थे।
भोलेनाथ पूरी कर रहे इच्छा
अमरनाथ जाने वालों में काफी संख्या में महिलाएं हैं। इनमें श्रीमती सीमा नायक ने बताया कि उनकी सालों से अमरनाथ जाने की इच्छा थी, जो भगवान भोलेनाथ की कृपा से इस बार पूरी होने जा रही है। उनके साथ 20 लोगों का ग्रुप है, जिसमें 12 पुरुष, 6 महिलाएं व दो बुजुर्ग हैं और सभी पहली बार जा रहे हैं।
वैष्णोदेवी व स्वर्ण मंदिर भी जाएंगे
एक और ग्रुप में यात्रा कर रही श्रीमती शारदा वर्मा का कहना था कि वे कई सालों से वैष्णोदेवी माता के दरबार में जाना चाहती थी। इस बार उनके परिवार व उनकी सहेलियों ने उन्हें साथ दिया और अब बाबा अमरनाथ के अलावा वैष्णो देवी व अमृतसर के स्वर्ण मंदिर का भी वे दर्शन करेंगी।
पिछले हादसे ने डरा दिया था
श्रीमती निहारिका वर्मा का कहना था कि पिछली बार जब केदारनाथ हादसा हुआ तो वे भी डर गई थीं, मगर बाद में न जाने कैसे मन में इच्छा जागृत हुई कि वे कम से कम अमरनाथ यात्रा तो अवश्य करेंगी। भगवान ने उनकी इच्छा सुन ली और अब वे 15 लोगों के गु्रप के साथ जा रहीं हैं। वे नहीं जानती कि अमरनाथ यात्रा कैसे पूरी होगी, मगर मन में दृढ़ संकल्प है और दोस्तों व परिवार वालों का साथ है तो डर किसी बात का नहीं है।
बांसटाल में करेंगे सेवा-चाकरी
श्री अमरनाथ सेवा समिति के अध्यक्ष गंगाप्रसाद यादव ने बताया कि यह उनकी 15वीं अमरनाथ यात्रा है और जब तक ऊपर वाले की मेहरबानी रहेगी और शरीर साथ देगा वे हर साल यात्रा पर जाना चाहेंगे। अमरनाथ यात्रियों का मार्गदर्शन करने और उनकी सेवा करने के लिए उनकी समिति के प्रणय तिवारी, विजय यादव सहित 25 लोग जा रहे हैं। बांसटाल में यात्रियों को निःशुल्क नाश्ता, भोजन आदि की सुविधा भटिंडा की श्रीअमरनाथ सेवा ट्रस्ट द्वारा की जाती है, जहां वे लोग भी सहयोग करते हैं। इनके अलावा ओम शिव शक्ति सेवा मंडल के नेतृत्व में भी अनेक श्रद्धालु रवाना हुए हैं।