
रायपुर(निप्र)। करोड़ों का रोड टैक्स घोटाला उजागर होने के बाद भी आरटीओ में वाहनों के टैक्स में गड़बड़ी का खेल जारी है। जबकि, विभाग के बड़े अधिकारियों के अनुसार घोटाले में जांच जारी है। ऐसे समय में और दो दर्जन वाहनों के रोड टैक्स में गड़बड़ी की गई है। नईदुनिया के पास इसकी जानकारी है और कुछ वाहनों के दस्तावेज भी हैं।
नईदुनिया ने क्वाटर्ली और लाइफ टाइम रोड टैक्स घोटाले का खुलासा किया है। इस मामले में खमतराई थाने में दो वाहन मालिकों, एक आरटीओ एजेंट और एक कंपनी एजेंट के खिलाफ एफआईआर कराई जा चुकी है। विभाग के एक बाबू पर भी कार्रवाई हुई है। बड़े अधिकारियों के मुताबिक आगे जांच जारी है। लेकिन, यह गंभीर मामला है कि जांच के दौरान भी वाहनों का रोड टैक्स घोटाला बंद नहीं हुआ है। आरटीओ सूत्रों से पता चला है कि घोटाले की जांच के लिए ऑडिट चल रही है। कुछ दिन पहले ऑडिट जांच चल रही थी, तभी 25 से 30 वाहनों के टैक्स में फिर से गड़बड़ी हुई। इसमें बड़े अधिकारियों से शिकायत भी हुई है। शिकायत की प्रति नईदुनिया के पास है।
शिकायत के मुताबिक ट्रक क्रमांक सीजी 04-डीडी 9993 रिंग रोड-2 तेलीबांधा निवासी अचतर मोहम्मद के नाम से आरटीओ कार्यालय में पंजीकृत है। इस वाहन का टैक्स एक नवंबर 2008 से 31 अगस्त 2014 तक एक लाख 80 हजार रुपए टैक्स बकाया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरटीओ और उसके सहयोगी बाबू अमित पाटिल ने एक लाख रुपए लेकर फर्जी डीडी नम्बर का इस्तेमाल करते हुए टैक्स को पूरा जमा होना दर्शा दिया है। इस वाहन का कुछ दिन पहले नामांतरण हुआ है। परमिट भी बनाया गया है। इस वाहन का पंजीयन कार्ड नम्बर केएमएस 00480 है, जो कि 28.07.2014 को बना है। शिकायतकर्ता का कहना है कि केएमएस आरटीओ के पासवर्ड से होता है। नईदुनिया में भी इस बात का खुलासा पहले ही किया जा चुका है कि करोड़ों के रोड टैक्स घोटाले में आरटीओ का पासवर्ड इस्तेमाल हुआ है।
ऐसे चल रहा है घोटाला
वाहनों का रोड टैक्स पांच हजार रुपए है तो पांच रुपए या 50 रुपए या फिर 500 रुपए जमा कराकर रसीद कटा ली जाती है। रसीद में दर्ज राशि के पीछे शून्य बढ़ाकर पूरा टैक्स शो कर दिया जाता है। यहां तक तो आरटीओ एजेंट और वाहन मालिक की गड़बड़ी है। लेकिन, इसके आगे विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत होती है। क्योंकि, टैक्स कम जमा होने के बाद भी ऑनलाइन रिकॉर्ड पूरी राशि का अपडेट कर दिया जाता है। जबकि, बैंक ट्रांजेक्शन डिटेल से किस वाहन का कितना टैक्स जमा हुआ है, यह पता चल जाता है।