
रायपुर। सार्वजनिक स्थल, उसके आसपास तंबाकू और उससे बने उत्पादों के विज्ञापन और सेवन पर रायपुर कलेक्टर ने रोक लगा दी है। साथ ही भारत सरकार के 'कोटपा' एक्ट- 2003 का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए।
शहर में अब कहीं पर भी तंबाकू का प्रचार-प्रसार नहीं होगा। नगर निगम सीमा में लगे विज्ञापनों को निगम हटाएगा, निगम की बसों पर भी पान मसाला का विज्ञापन नहीं होगा। स्कूल के बाहर पान ठेलों, तंबाकू उत्पाद बेचने वालों के विरुद्ध जिला शिक्षा अधिकारी को कार्रवाई करने निर्देशित किया गया। राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के क्रियान्वयन के लिए रायपुर एडीएम संजय अग्रवाल को विशेष नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जिन्हें कार्रवाई का अधिकार दिया गया है। मंगलवार को कलेक्टर ठाकुर राम सिंह ने कलेक्टोरेट में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम की बैठक बुलाई, जिसमें नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारी शामिल हुए। गौरतलब है कि बीते 2 साल से 'नईदुनिया' लगातार 'कोटपा' एक्ट के राज्य में पालन पर खबरें प्रकाशित करता चला आ रहा है। जिसके बाद राज्य शासन जागा और जनवरी में अवर मुख्य सचिव अजय सिंह ने मुख्य सचिव के निर्देश पर पहली बार 'कोटपा' एक्ट के पालन के लिए राज्य स्टेरिंग कमेटी की बैठक और मंगलवार को कलेक्टर ने कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए। राज्य शासन रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर को टोबेको फ्री जिला बनाना चाहती है। राज्य तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के नोड्ल अधिकारी डॉ. कमलेश जैन का कहना है कि अब नियम तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
नहीं उड़ेगा सार्वजनिक स्थलों पर धुआं:
सार्वजनिक स्थलों, सरकारी, गैर सरकारी कार्यालय परिक्षेत्र, शिक्षण, स्वास्थ्य संस्थानों, सिनेमा हॉल, पंचायत भवन और चौक-चौराहों पर धूम्रपान निषेध का उल्लंघन करते हैं, उन पर आर्थिक जुर्माना लगेगा। तंबाकू बिक्री के स्थान पर यह बोर्ड लगाना अनिवार्य कर दिया गया है कि नाबालिकों को तंबाकू बेचना दंण्डनीय अपराध है।
कोटपा एक्ट-
धारा 4- सार्वजनिक स्थल में ध्रूमपान पर प्रतिबंध
धारा 5- सिगरेट, अन्य तंबाकू उत्पादों के विज्ञापन पर प्रतिबंध
धारा 6- नाबालिकों और शैक्षणिक संस्थानों के आस-पास सिगरेट या अन्य तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर प्रतिबंध।
हो सकती है कारावास तक की सजाः
व्यक्तिगत अपराधी के लिए 200 रुपए। स्वामी, प्रबंधक या अधिकृत अधिकारी के लिए- सार्वजनिक स्थलों में अपराधों की संख्या के बराबर जुर्माना 2-5 साल की सजा या फिर 1-5 हजार रुपए तक का जुर्माना। बिक्री/ खुदरा बिक्री पर 1 से 2 साल की सजा, 1 से 3 हजार रुपए तक का जुर्माना।
कार्रवाई होगीः
कलेक्टर के निर्देश पर कार्रवाई जल्द शुरू की जाएगी। एक वर्कशॉप भी करनी है, जिसमें एक्ट के सभी प्रावधानों के बारे में अवगत करवाया जाएगा। कार्रवाई तो होगी, क्योंकि हम जनरेशन को बर्बाद नहीं होने देंगे।
-संजय अग्रवाल, एडीएम एवं विशेष नोड्ल अधिकारी, तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम