
रायपुर। छत्तीसगढ़ उच्चन्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश और लोकपाल के न्यायिक सदस्य जस्टिस अजय कुमार त्रिपाठी का निधन हो गया है। वे कोरोना से पीडित थे और पिछले 5 अप्रैल से भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स दिल्ली के के ट्रॉमा सेंटर में उनका उपचार चल रहा था। वे मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे। लोकपाल सदस्य बनने से पहले वे छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश थे। जस्टिस त्रिपाठी देश के पहले ऐसे न्यायाधीश हैं, जिनका निधन कोरोना की वजह से हुआ है।
करीब एक महीने तक अस्पताल में रहने के बाद आज जस्टिस एके त्रिपाठी ने शनिवार की रात अंतिम सांस ली। इससे पहले हालत नहीं सुधरने पर उन्हें जयप्रकाश नारायण अपैक्स ट्रामा सेंटर में शिफ्ट किया गया। यहा वेंटिलेटर पर उन्हें रखा गया था। पिछले कई दिनों से उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई थी और आज उन्होंने आखिरी सांस ली। 62 वर्षीय जस्टिस त्रिपाठी ने जुलाई 2018 में छत्तीसगढ उच्चन्यायालय में मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्यभार संभाला था। मार्च 2019 को वे लोकपाल के चौथे सदस्य के रूप में चुने गए।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति एके त्रिपाठी के निधन पर गहरा दुख प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने न्यायमूर्ति त्रिपाठी के परिवारजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए, दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।