यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 17, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Raipur News: छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री बोले- योग हमारी प्राचीन संस्कृति का हिस्सा
Raipur News: गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा - योग के प्रचार-प्रसार से जनमानस को मिलेगा लाभ।
By Kadir KhanEdited By: Kadir Khan
Publish Date: Tue, 17 Aug 2021 04:48:49 PM (IST)Updated Date: Tue, 17 Aug 2021 04:48:49 PM (IST)

Raipur News: रायपुर ( नईदुनिया प्रतिनिधि )। योग हमारी प्राचीन संस्कृति का हिस्सा है। प्राचीन काल में सहज रूप से योग हमारे जीवन में शामिल था। यह विचार छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने व्यक्त किया। गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने मंगलवार को अपने निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में डायबिटीज रोग निवारक योग के सोशल वीडियो ब्राडकास्ट प्रसारण के लिए वीडियो ब्लाग का शुभारंभ किया। गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि वर्तमान में आधुनिक जीवन शैली ने कई रोगों को जन्म दिया है, जिनमें डायबिटीज प्रमुख है। नियमित योग करने से लोगों को काफी फायदा मिलता है।
योग को करने का सही तरीका और आसन में छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखा जाना चाहिए, ताकि योग से हम स्वस्थ रहे। योग के प्रति लोगों में जागरूकता लाने से जनमानस को इसका समूचित लाभ मिलेगा। मालूम हो कि नियमित योग से कई तरह की बीमारियों से बचा जा सकता है। खासकर मधूमेह, घुटने के दर्द आदि से राहत मिलती है।
इस दौरान कार्यक्रम में उपस्थित डायबिटीज विशेषज्ञ डा. सत्यजीत साहू ने योग के चिकित्सकीय लाभ के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इस वीडियो प्रसारण में योग प्रशिक्षिका अन्नपूर्णा टिकरिहा द्वारा योगासनों को सरलता पूर्वक करने के तौर-तरीके बताया गया। कार्यक्रम में माता कर्मा समिति के संस्थापक संतराम साहू, छत्तीसगढ़ प्रदेश के साहू संघ की प्रदेश उपाध्यक्ष सरिता साहू, आचार्य अनिमेशा नंद, आचार्य अर्पिता नंद सहित दुर्गा प्रसाद टिकरिहा, सूरज दुबे, गुरू वस्वराज, नारायण प्रसाद परगनिहा, छत्तीसगढ़ योग आयोग के महासचिव खोमेश साहू, योग शिक्षिका वर्षा साहू, डा. योगिता टिकरिहा और देवेन्द्र पटेल विशेष रूप से उपस्थित रहे।