
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के रामनगर स्थित श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स में हुई सेंधमारी का पुलिस ने खुलासा किया है। दुकान की दीवार तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने वाले दो आरोपितों विशाल सचदेव और सूरज ढीमर को गिरफ्तार किया है। विशाल ही इस पूरी वारदात का मास्टरमाइंड है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से करीब 14.51 लाख रुपये का सामान, वारदात में इस्तेमाल स्वीफ्ट कार और एक्टिवा बरामद की है। मामले में शामिल एक अन्य आरोपित फरार है।
पुलिस के अनुसार विशाल सचदेव ने महासमुंद में बर्फ की फैक्ट्री शुरू करने के लिए लाखों रुपये का कर्ज लिया था। कारोबार नहीं चलने के कारण वह आर्थिक परेशानी में आ गया। फैक्ट्री का करीब सात लाख रुपये बिजली बिल भी बकाया था। इसी आर्थिक दबाव के चलते उसने फैक्ट्री में काम करने वाले सूरज ढीमर और एक अन्य साथी के साथ मिलकर ज्वेलर्स में चोरी की योजना बनाई।
आरोपितों ने ज्वेलर्स की गतिविधियों पर नजर रखने के बाद वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई। पुलिस के मुताबिक 26-27 सितंबर की रात दुकान की दीवार में सेंध लगाई गई। इसके बाद 29-30 सितंबर की रात दुकान में घुसकर कर सोने-चांदी के गहने चुरा लिए। 30 सितंबर की सुबह संचालक सुनील जैन जब दुकान खोलने पहुंचे तब उन्हें चोरी की जानकारी हुई।उन्होंने पुलिस को फोन कर इसकी जानकारी दी।
रिपोर्ट के बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और रामनगर पुलिस चौकी की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी व मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने विशाल सचदेव और सूरज ढीमर को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने एक अन्य साथी के साथ मिलकर ज्वेलर्स में चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया है। इसमें करीब 50 हजार रुपये कीमत के सोने के आभूषण, 3.5 किलो चांदी के आभूषण, जिनकी कीमत 7 लाख 91 हजार 700 रुपये बताई गई है, और करीब 10 हजार रुपये के आर्टिफिशियल आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल कार एक मोपेड भी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार बरामद सामान और वाहनों की कुल कीमत करीब 14 लाख 51 हजार 700 रुपये है।