
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी के औद्योगिक और बाहरी इलाकों में अवैध कबाड़ के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए रायपुर कमिश्नरेट उत्तर जोन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। उरला और खमतराई थाना क्षेत्रों में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने एक साथ 20 कबाड़ियों के ठिकानों पर रेड मारी। इस सघन जांच के दौरान 10 कबाड़ संचालकों के पास वैध दस्तावेज नहीं मिले, जिनके अड्डों से करीब 8,000 किलो (8 टन) संदिग्ध स्क्रैप जब्त किया गया है।
क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया गया। उत्तर जोन डीसीपी दीपमाला कश्यप के मार्गदर्शन में एडीसीपी आदित्य पांडे और एसीपी पूर्णिमा लामा की टीमों ने पूरी योजना के साथ कबाड़ दुकानों और गोदामों की घेराबंदी की।
अभियान के तहत पुलिस ने उरला थाना क्षेत्र के 8 और खमतराई इलाके के 12 कबाड़ ठिकानों को खंगाला। जांच में उरला के 6 और खमतराई के 4 कबाड़ संचालकों के पास स्टॉक से जुड़े कोई कागजात नहीं पाए गए। इन सभी 10 ठिकानों से भारी मात्रा में अवैध स्क्रैप बरामद कर पुलिस ने जब्ती की कार्रवाई की है।
पुलिस अब सभी कबाड़ व्यापारियों के लाइसेंस, स्टॉक रजिस्टर और लेन-देन के रिकॉर्ड खंगाल रही है। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि जब्त किया गया 8,000 किलो कबाड़ किन स्रोतों से खरीदकर जमा किया गया था। पुलिस ने साफ किया है कि जांच में चोरी का सामान खरीदने या अवैध रूप से माल खपाने की पुष्टि होने पर संबंधित कारोबारियों पर सख्त कानूनी गाज गिरेगी। पूरे मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है और पुलिस ने आगे भी ऐसे अभियान जारी रखने की चेतावनी दी है।