
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। दीपावली का त्योहार बीतने के बाद भी मिलावटखोरों के हौसले बुलंद बने हुए हैं। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रायपुर रेलवे स्टेशन पर करीब 300 किलो संदिग्ध पनीर जब्त किया है। यह पनीर मध्य प्रदेश के भोपाल से ट्रेन के जरिए रायपुर मंगाया गया था। विभाग ने पनीर के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए हैं और इसके असली मालिक का पता लगाने में जुटा है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अभिहित अधिकारी विनोद गुप्ता ने बताया कि जब्त किए गए कुल माल में से 150 किलो पनीर श्री बालाजी इंटर प्राइजेस अग्रोहा कॉलोनी रायपुरा द्वारा भोज मीडियम फैट पनीर के नाम से भोपाल से मंगाया गया था। वहीं शेष 150 किलो पनीर पूरी तरह से बिना किसी ब्रांड और लोगो के था।
छत्तीसगढ़ सरकार ने उपभोक्ताओं को शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एनालॉग पनीर और अन्य डेयरी एनालॉग उत्पादों के निर्माण, भंडारण, परिवहन और विक्रय पर पूरी तरह से रोक लगा रखी है। इसके बावजूद पर्व के बाद भी नकली पनीर को बाजारों में खपाने की कोशिशें लगातार जारी हैं, जिस पर विभाग की पैनी नजर बनी हुई है।
रायपुर में मिलावटी पनीर का कारोबार लगातार जारी है। पांच अगस्त को रायपुर रेलवे स्टेशन के पार्सल परिसर से करीब 500 किलो संदिग्ध पनीर जब्त किया गया था। यह खेप अमरकंटक एक्सप्रेस से आई थी। इसके बाद 25 से 27 अक्टूबर के बीच प्रयोगशाला जांच में अमानक पाए जाने पर उरला स्थित एक कारखाने में दो अलग-अलग ब्रांडों का 750 किलोग्राम पनीर नष्ट किया गया। 28 सितंबर को भाटागांव में 200 किलो से अधिक ओडिशा के ब्रांड के एक्सपायरी डेट वाले पनीर के पैकेट पकड़े गए थे।
8 से 11 सितंबर के बीच बीरगांव और जोरा माल के पास एक फैक्ट्री की आड़ में केमिकल से नकली पनीर बनाते हुए करीब 650 किलो पनीर पकड़ा गया था। इसे पिकअप वाहन से ओडिशा भेजने की तैयारी थी। इसके अलावा त्योहारी सीजन में भी विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर संदिग्ध पनीर जब्त कर मौके पर ही नष्ट कराया गया था।
पिछले एक साल के आंकड़ों को देखें तो रायपुर में मिलावटी पनीर पर बड़े पैमाने पर कार्रवाई हुई है। जुलाई 2025 में बीरगांव की काशी एग्रो फूड्स फैक्ट्री से करीब 2500 किलो संदिग्ध एनालॉग पनीर जब्त कर फैक्ट्री को सील किया गया था। इसके बाद खाद्य विभाग ने रायपुर की एक और पनीर फैक्ट्री पर छापा मारकर करीब 1700 किलो पनीर के सैंपल जांच के लिए भेजे थे। इस तरह पिछले एक साल में रायपुर में करीब 4200 किलो से अधिक पनीर पर कार्रवाई हो चुकी है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद गुप्ता ने बताया कि प्रदेश में एनालॉग पनीर प्रतिबंधित है। नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन दीपक अग्रवाल के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। विभाग ने संदेह के आधार पर सैंपल सील कर जांच के लिए भेज दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पनीर की गुणवत्ता और उसकी प्रकृति स्पष्ट हो सकेगी, जिसके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।