
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। दीपावली के त्योहार पर भी राशन दुकानों में हितग्राहियों को समय पर राशन नहीं मिल पा रहा है। शहर की राशन दुकानों में कहीं शक्कर का स्टाक खत्म है तो कहीं मशीन और सर्वर की समस्या के कारण वितरण अटका हुआ है। ई-पास मशीन में फिंगरप्रिंट नहीं लेने से लोगों को बार-बार अंगूठा लगाना पड़ रहा है। सर्वर की दिक्कत और धीमी प्रक्रिया के चलते दुकानों में लंबी कतारें लग रही हैं।
त्योहार के समय परिवार के लिए राशन लेने पहुंचे लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं, चावल की गुणवत्ता को लेकर भी हितग्राहियों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि दुकानों से मिल रहा चावल इतना खराब है कि उसे खाना मुश्किल है।
टिकरापारा की राशन दुकान में मशीन ठीक से काम नहीं करने के कारण हितग्राहियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। फिंगरप्रिंट एक बार में नहीं लेने से लोगों को बार-बार अंगूठा लगाना पड़ रहा है। मशीन और सर्वर की दिक्कत के चलते राशन वितरण की प्रक्रिया धीमी हो रही है। इससे दुकान के बाहर लोगों की कतार लग रही है और उन्हें अपनी बारी के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। साथ ही केंद्र में हितग्राहियों को शक्कर भी नहीं मिल रही है।
छत्तीसगढ़ नगर की राशन दुकान में शक्कर का स्टाक नहीं होने से हितग्राहियों को परेशानी हो रही है। दीपावली के समय राशन लेने पहुंचे लोगों को चावल सहित अन्य सामग्री के साथ शक्कर मिलने की उम्मीद थी, लेकिन स्टाक नहीं होने से उन्हें निराश होना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि त्योहार के समय भी जरूरी खाद्य सामग्री के लिए उन्हें परेशान होना पड़ रहा है।
छत्तीसगढ़ नगर में ही रावण मैदान के पास स्थित राशन दुकान में चावल की गुणवत्ता को लेकर हितग्राहियों ने नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि दुकान से मिलने वाला चावल काफी खराब है और खाने लायक नहीं है। चावल टूटा है, साथ ही उसमें कीड़े हैं। राशन लेने के लिए आने वाले लोगों को खाद्यान्न की गुणवत्ता से समझौता करना पड़ रहा है। त्योहार के समय परिवार के लिए मिलने वाले राशन में ही इस तरह की परेशानी से हितग्राही परेशान हैं।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में कोचिंग सेंटरों पर कसेगा शिकंजा, सरकार लाएगी विधेयक, मनमानी करने पर 5 लाख तक जुर्माना