रायपुर: समाधान सदैव सकारात्मक विचारों से होता है- प्रो. बल्देव भाई शर्मा
कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय में अखिल भारतीय समाधान मूलक मीडिया अभियान।
By Sanjay Srivastava
Edited By: Sanjay Srivastava
Publish Date: Tue, 15 Feb 2022 05:36:04 PM (IST)
Updated Date: Tue, 15 Feb 2022 05:36:04 PM (IST)

रायपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय और प्रजापति ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में अखिल भारतीय समाधान मूलक मीडिया अभियान शुरू किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बल्देव भाई शर्मा ने कहा कि समाधान सदैव सकारात्मक विचारों से होता है। मीडिया और पत्रकारों का काम जनमानस में नैतिक जागृति पैदा करना है। यही समाधानकारक पत्रकारिता का मूलमंत्र है।
समर्पण भाव से ही हम समृद्ध भारत की ओर आगे बढ़ पाएंगे,
उन्होंने कहा कि समर्पण भाव से ही हम समृद्ध भारत की ओर आगे बढ़ पाएंगे, यही आजादी के अमृत महोत्सव की सच्ची प्रेरणा है। जिन असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों ने भारत के स्वर्णिम भविष्य के लिए अपना जीवन सर्वस्व झोंक दिया, उनके सपने पूरा करने का यह अवसर है। कार्यक्रम को आइआइएमसी के महानिदेशक प्रो. संजय द्विवेदी, दूरदर्शन के महानिदेशक मयंक अग्रवाल, वरिष्ठ पत्रकार एनके सिंह आदि लोगों ने संबोधित किया। इस मौके पर विश्वविद्यालय की ओर से कार्यक्रम के समन्वयक डा. नरेंद्र त्रिपाठी ने कार्यक्रम की रूपरेखा पर प्रकाश डाला।
समाधान मूलक पत्रकारिता अब समय की मांग
माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. केजी सुरेश ने कहा कि समाधान मूलक पत्रकारिता अब समय की मांग है। समाधानमूलक पत्रकारिता द्वारा समस्याओं का समाधान हो सकता है। मीडिया का काम है समाधान पेश करना, जिससे कि मीडिया का एक सकारात्मक रूप दिखाई देगा।