
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में चोरों ने एक मोबाइल शाॅप को निशाना बनाते हुए 70 से अधिक आइफोन पार कर दिए। इसके अलावा दुकान से अन्य सामान भी चोरी कर लिया। चोरी गए मोबाइल और सामान की कुल कीमत 80 लाख से 1 करोड़ के बीच बताई जा रही है। वारदात की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चोरों ने तेलीबांधा स्थित आईफोन स्टोर से मोबाइल शाप में घुसकर वहां रखे महंगे मोबाइल फोन को निशाना बनाया। चोरों ने दुकान में रखे 70 से अधिक आइफोन को समेटकर मौके से फरार हो गए। सुबह दुकान पहुंचने पर चोरी की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया है। वारदात में शामिल आरोपितों की पहचान के लिए दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस दुकान में प्रवेश करने और वहां से निकलने के रास्तों के साथ ही संदिग्ध गतिविधियों की भी जांच कर रही है।
राजधानी में मोबाइल दुकानों को निशाना बनाकर की गई इस तरह की बड़ी चोरी से कारोबारियों में चिंता है। फिलहाल चोरी गए मोबाइल की वास्तविक संख्या और कीमत का आकलन किया जा रहा है। पुलिस की जांच के बाद ही वारदात से जुड़े अन्य तथ्य सामने आ सकेंगे।