रायपुर। Chhattisgarh News अगर आप इस सप्ताह सैर-सपाटे पर जाने का मन बना रहे हैं तो राजधानी रायपुर से लगभग सात किलोमीटर दूर कुम्हारी स्थित बड़े तरिया आपके लिए बेहतर जगह हो सकती है। यहां आपको और आपके परिवार को घूमने का अलग ही आनंद महसूस होगा। मेट्रो सिटी के तर्ज पर विकसित तालाब परिसर में लेजर विथ म्यूजिकल फाऊंटेन शो में छत्तीसगढ़ संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। इसके साथ फूड स्टाल, ग्रीन वाकिंग टर्नल, टाय ट्रेन, आर्च व सस्पेंशन ब्रिज आकर्षण के केंद्र हैं। स्थल को प्राकृतिक धरोहर, संस्कृति और आधुनिक अधोसंरचना के अदभुत संगम के रूप में देखा जा रहा है।
हरियाली का संदेश दे रही ग्रीन वाकिंग टनल :
लोगों को हरियाली का संदेश देने के लिए बड़े तरिया में ग्रीन वाकिंग टनल बनाया गया है। तरिया के प्रवेश द्वार से कुछ कदम पर यह टनल है। यहां लोग सुबह सैर करने के लिए पहुंचते हैं। इसके पाथ-वे के दोनों ओर रंग बिरंगे फूल और हरियाली को संजोया गया है।
फूड जोन में ले सकते हैं मिलेट से बने स्वादिष्ट व्यंजनों का स्वाद
बड़े तालाब के प्रवेश द्वार से अंदर आते ही बाई ओर फूड जोन है। जिसमें चाइना हाऊस, हैप्पी टी, मिलेट कैफे, बिरयानी स्ट्रीट और चाट-चौपाटी जैसे कई फूड स्टाल लजीज व्यंजनों के साथ मिलेेंगे। मिलेट कैफे के माध्यम से हाई प्रोटीन और कैलोरी युक्त पौष्टिकता से भरे विकल्प भी आपकों खाने में मिलेंगे।
ड्रेन फाउंटेन और टाय ट्रेन आकर्षण का केंद्र
बड़े तरिया के केंद्र में बच्चों के मनोरंजन के लिए टाय ट्रेन की सुविधा है। यह ट्रेन वंदे भारत के माडल की तरह दिखती है। ट्रेन में बैठकर बच्चे ड्रेन फाउंटेन के फूहारों का नजारा सकते हैं। तालाब में ई-टाय ट्रेन बच्चों के मनोरंजन के लिए विशेष तौर पर बनाई गई है। इसमें बैठकर बच्चों को पूरे सरोवर के किनारे की सैर कराया जाता। बच्चों के मनोरंजन के लिए प्ले जोन भी बनाया गया है। प्ले जोन काफी बड़ा है और यहां की खेल सामग्री काफी अनूठी है, जो बच्चों का मन लुभाती है।
प्रत्येक दिन शाम 7.30 बजे शुरू से होता है म्यूजिकल फाउंटेन शो
बड़े तरिया प्रतिदिन शाम पांच बजे से रात 10 बजे तक आंगुतकों के लिए खुला रहता है। यहां हर दिन शाम 7.30 बजे से लेजर विथ म्यूजिकल फाऊंटेन शो होता है। जिममें थीम के अनुसार अलग-अलग प्रस्तुति देखने मिलती है। यह शो 13 मिनट का होता है। म्यूजिकल फाउंटेन शो के लिए 10 रुपए शुल्क निर्धारित की गई है।