
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राशन दुकान पर मशीन में अंगूठा नहीं लगा तो भी खाली हाथ नहीं लौटना पड़ेगा। बुजुर्गों, श्रमिकों और ऐसे हितग्राहियों के चेहरे से पहचान कर भी राशन दिया जा सकेगा। किसी सदस्य की ई-केवाईसी अधूरी है या पोर्टल पर उसके नाम के सामने 'नॉट वेरिफाइड' लिखा है, तब भी पात्र परिवार का राशन नहीं रुकेगा।
राशन कार्ड में नाम या जन्मतिथि की गलती सुधारने, परिवार में नए सदस्य का नाम जोड़ने, किसी सदस्य का नाम हटाने और नया राशन कार्ड बनवाने के लिए भी सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। इसके लिए आनलाइन व्यवस्था उपलब्ध कराई है।
राशन कार्ड बंद होने और ई-केवाईसी पूरी नहीं होने पर नाम कटने की आशंका के बीच खाद्य विभाग ने स्थिति स्पष्ट की है। खाद्य नियंत्रक भूपेंद्र मिश्रा के मुताबिक, ई-केवाईसी या वेरिफिकेशन की प्रक्रिया लंबित होने मात्र से किसी पात्र हितग्राही का राशन बंद नहीं होगा।
राशनकार्डधारी परिवार के सदस्यों का सत्यापन स्टेटस आनलाइन देख सकते हैं। किसी सदस्य के नाम के सामने 'नॉट वेरिफाइड' दिखता है तो वह फेस ई-केवाईसी से सत्यापन करा सकता है। इसके बाद सदस्य का स्टेटस वेरिफाइड हो जाएगा।
राशन वितरण के दौरान ज्यादा परेशानी उन लोगों को होती है, जिनकी अंगुली के निशान मशीन में दर्ज नहीं हो पाते। इसके लिए फेस आथेंटिकेशन एप भी उपलब्ध कराया है, जिसे गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है।
कई बार आवंटन, वितरण रिकार्ड या तकनीकी गड़बड़ी के कारण हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा से कम खाद्यान्न मिलने की शिकायतें सामने आती हैं। ऐसे मामलों में खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि पहले कम राशन मिलने की समस्या का निराकरण हो चुका है, तो पात्र हितग्राही को शेष खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए।
उचित मूल्य दुकान संचालक बिना रिकार्ड और आवंटन की जांच किए वापस नहीं लौटा सकेंगे। सहायक खाद्य अधिकारियों और खाद्य निरीक्षकों को ऐसे मामलों की जांच कर समाधान करने की जिम्मेदारी दी गई है।
राशन कार्ड में आधार के अनुसार नाम, जन्मतिथि या अन्य व्यक्तिगत जानकारी गलत दर्ज होने पर भी अब सुधार का विकल्प उपलब्ध है। ई-पास मशीन में ई-केवाईसी अपडेट और आधार संबंधी जानकारी में संशोधन की सुविधा दी गई है। हितग्राही उचित मूल्य दुकान संचालक से संपर्क कर तकनीकी विकल्पों के जरिये सुधार करा सकते हैं। इससे छोटी-छोटी त्रुटियों के लिए खाद्य कार्यालयों में आवेदन लेकर भटकने की जरूरत कम होगी।
जिन परिवारों के पास पुराने यानी लेगेसी राशन कार्ड हैं और उन्हें नए आरसी नंबर की जानकारी नहीं है, वे खाद्य विभाग के पोर्टल पर इसे खोज सकते हैं। इसके लिए विभाग ने यह लिंक उपलब्ध कराया है। https://fcs.cg.gov.in/pdsonline/foodcontroller/OldRCSearch.aspx। इस सुविधा से पुराने राशन कार्ड का विवरण और नया आरसी नंबर जानने के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।
राशन कार्ड से जुड़ी सेवाओं को भी ऑनलाइन किया है। खाद्य नागरिक आपूर्ति व उपभोक्ता संरक्षण विभाग के पोर्टल https://cg.smartpds.nic.in पर सिटीजन लागिन से तीन तरह के आवेदन कर सकते हैं। पहला, परिवार के लिए नया राशन कार्ड बनवाने का आवेदन। दूसरा, पहले से जारी राशन कार्ड में परिवार के नए सदस्य का नाम जोड़ने का आवेदन और तीसरा, किसी सदस्य का नाम हटाने का आवेदन।
नए राशन कार्ड के लिए आधार नंबर और मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी से लागिन किया जा सकता है। वहीं, सदस्य का नाम जोड़ने या हटाने के लिए राशन कार्ड नंबर और सुविधा के अनुसार लिंक मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी से लागिन करना होगा।
खाद्य नियंत्रक भूपेंद्र मिश्रा के अनुसार, सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि उचित मूल्य दुकान संचालक हितग्राहियों को सही जानकारी दें और तकनीकी विकल्पों का इस्तेमाल कर उनकी समस्याओं का समाधान करें। सहायक खाद्य अधिकारियों और खाद्य निरीक्षकों को दुकानों की व्यवस्था पर निगरानी रखने तथा पात्र परिवारों को पूरा खाद्यान्न दिलाने के निर्देश दिए गए हैं।