
रायपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। Sanskrit Week Organized: संस्कृत को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता बहुत जरूरी है। इसी के मद्देनजर स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रदेश के स्कूलों में संस्कृत सप्ताह का आयोजन करने का फैसला लिया है। श्रावण मास में श्रावण पूर्णिमा यानी रक्षा बंधन के तीन दिन पहले और तीन दिन बाद तक इस वर्ष संस्कृत सप्ताह 19 से 25 अगस्त तक मनाया जा रहा है।
स्कूलों में संस्कृत भाषा की महत्ता को बढ़ाने के लिए बच्चों को श्लोक पाठ, अंताक्षरी, सूक्ति वाचन सहित संस्कृत के प्रचार-प्रसार के लिए रैली निकालकर आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम रखा है प्रदेश के संस्कृत विद्यामंडलम् ने और संस्कृत सप्ताह के आयोजन के लिए प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र लिखा है।
इस तरह चलेगा कार्यक्रम
19 अगस्त को सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलन ।
20 अगस्त को दीर्घ अवकाश के बाद स्कूलों के विद्यार्थियों को संस्कृत का महत्व बताना।
21 अगस्त को संस्कृत श्लोकों का सस्वर वाचन, संस्कृत संभाषण, संस्कृत सुभाषित श्लोक और उनका अर्थ बताना, संस्कृत पाठ्यपुस्तकों पर आधारित संस्कृत नाटकों का मंचन
22 अगस्त यानी रक्षा बंधन के दिन संस्कृत भाषा के वेद, उपनिषद, ब्राह्मण ग्रंथ, आरण्यक आदि विषयों को आधार बनाकर विद्वानों के विचार आमंत्रित कर संगोष्ठी
23 अगस्त को संस्कृत के सेवानिवृत्त शिक्षक, छात्र, संस्कृत शिक्षकों का सम्मान किया जाएगा।
24 अगस्त को संकुल स्तर पर आयोजन संस्कृत के विभूतियों कालिदास, पाणिनि, महर्षि वेदव्यास, वाल्मीकि और अन्य संस्कृत विद्वानों की कृतियों पर चर्चा एवं हिन्दी की छोटी-छोटी कहानियों का संस्कृत में अनुवाद करते हुए प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
25 अगस्त को रैली भी निकाली जा सकती है, जिसमें संभावित नारे - जयतु जयतु संस्कृत भाषा, वदतु वदतु संस्कृत भाषा, मधुराभाषा संस्कृत भाषा, संस्कृतरक्षा संस्कृतिरक्षा, वदतुसंस्कृतम् पठतु संस्कृतम्, जयतु छत्तीसगढ़म् जयतु भारतम् का उच्चारण कराया जाता है।