
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी के भाठागांव इलाके में एक घर में रेड सैंड बोआ सांप मिला। सूचना मिलने पर वाइल्डलाइफ एनिमल रेस्क्यू सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया। बाद में उसे प्राकृतिक रहवास वाले सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया।
यह सांप अपनी अनोखी बनावट के कारण दोमुंहा सांप के नाम से भी जाना जाता है। रेड सैंड बोआ का वैज्ञानिक नाम एरीक्स जानी है। इसे स्थानीय स्तर पर बिल खोदू या दोमुंहा सांप कहा जाता है। इसकी पूंछ का सिर जैसा गोल आकार होने के कारण लोगों को इसके दो सिर होने का भ्रम होता है। यह पूरी तरह विषहीन और सामान्यतः शांत स्वभाव का सांप है।
नोवा नेचर वेलफेयर सोसायटी के सचिव मोईज खान ने बताया कि रेड सैंड बोआ रायपुर में अक्सर देखने को मिलता है, हालांकि इसकी मौजूदगी के मामले अपेक्षाकृत कम सामने आते हैं। सड्डू, मोवा, पुराना विधानसभा और डूमरतराई सहित शहर के कई इलाकों में पहले भी इसका रेस्क्यू किया जा चुका है। दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में भी यह सांप मिलता है।
उन्होंने बताया कि इस प्रजाति की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अवैध तस्करी के मामले सुनने में आते हैं। अंधविश्वास के कारण इसकी मांग और तस्करी को बढ़ावा मिलता है।