रायपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। Paryushan 2021: दिगंबर जैन मंदिर सन्मति नगर फाफाडीह में बुधवार को दशलक्षण पर्युषण पर्व के छठवें दिन उत्तम संयम धर्म की आराधना की गई। शांतिधारा का सौभाग्य अनिल कुमार, सुनील कुमार, अनंत, सेजल, यश छाबड़ा परिवार को प्राप्त हुआ। ब्रह्मचारी चक्रेश भैया ने कहा कि पर्युषण पर्व का छठवां दिन उत्तम संयम दिवस का दिन, उत्तम संयम धर्म का दिन है। संयम धर्म हमें आत्मशक्ति बढ़ाने की शिक्षा देता है।
संयम की पालना दो तरह की होती है। एक इंद्रिय संयम और दूसरा प्राणी संयम। प्राणी संयम में किसी भी प्राणी का घात न हो, इस तरह से आचरण करना प्राणी संयम है। प्राणी संयम के अंतर्गत अहिंसा, सत्य, अचौर्य, ब्रह्मचर्य और अपरिग्रह जैसे वृतों को धारण करके प्राणी संयम की पालना होती है।
इसी तरह इंद्रिय संयम में स्पर्श इन्द्रिय, रसना, घ्राण, चक्षु और कर्ण को अपने नियंत्रण में रखना होता है। जब इन छोटी-छोटी सी चीजों को नियंत्रित करते हैं, तो हमारी आत्मा सशक्त हो जाती है। किसी भी चीज में हम इसे दृढ़ता के साथ लगा सकते हैं। यदि व्यक्ति की ओर से एक-एक धर्म को धारण किया जाए तो मोक्ष मार्ग का द्वार खुलने लगता है।
भारत को भारत बोलें, इंडिया नहीं
दिगंबर जैन समाज के प्रमुख आचार्य विद्यासागर महाराज के विविध सेवाभावी प्रकल्पों के प्रति जनजागरूकता फैलाने का अभियान शुरू किया जा रहा है। भारत को भारत बोलें, इंडिया नहीं, अभियान के अलावा अनेक प्रशिक्षणों के बारे में आम लोगों को जानकारी देने मालवीय रोड स्थित श्री दिगंबर जैन पंचायत ट्रस्ट के नेतृत्व में भव्य झांकी 16 सितंबर को रात्रि 7.30 बजे से दिखाई जाएगी।
दिगंबर जैन समाज के अखिल जैन, रजत जैन एवं अनमोल जैन ने बताया कि झांकी का उद्घाटन दुर्ग महापौर धीरज बाकलीवाल, समाजसेवी विनोद बड़जात्या, अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य अनिल जैन, प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य प्रदीप जैन, मैनेजिंग ट्रस्टी नरेन्द्र जैन दीप प्रज्ज्वलित कर करेंगे।