RRB परीक्षा में डबल अंडरगारमेंट में छिपाकर ले गया मोबाइल, सवालों की खींच रहा था फोटो, गिरफ्तार
रायपुर में रेलवे भर्ती परीक्षा के दौरान मोबाइल छिपाकर प्रश्नों की तस्वीरें खींचते नागपुर के अभ्यर्थी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। मामले में फॉरेंसिक जांच और नेटवर्क की पड़ताल जारी है।
Publish Date: Thu, 16 Jul 2026 05:31:53 PM (IST)Updated Date: Thu, 16 Jul 2026 05:31:53 PM (IST)
RRB परीक्षा में डबल अंडरगारमेंट में छिपाकर मोबाइल ले गया। (नईदुनिया)HighLights
- डबल अंडरगारमेंट में मोबाइल छिपाकर परीक्षा केंद्र पहुंचा अभ्यर्थी।
- मोबाइल से परीक्षा प्रश्नों की तस्वीरें खींचते रंगे हाथ पकड़ा।
- सीसीटीवी और मोबाइल जांच में नकल की पुष्टि हुई।
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की ऑनलाइन भर्ती परीक्षा में नकल का हाईटेक तरीका अपनाने वाले नागपुर निवासी अफताब (28) को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी परीक्षा केंद्र में डबल अंडरगारमेंट के भीतर मोबाइल फोन छिपाकर पहुंचा था। परीक्षा के दौरान कंप्यूटर स्क्रीन पर दिखाई दे रहे प्रश्नों की तस्वीरें मोबाइल से खींच रहा था।
कक्ष निरीक्षक को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं तो निगरानी बढ़ाई गई। जांच में पूरा मामला सामने आने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ लोक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 सहित विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया है।
संदिग्ध हरकतें कर रहा था आरोपी
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस के अनुसार घटना 15 जुलाई को डीडी नगर थाना क्षेत्र स्थित आईडीजेड सरोना परीक्षा केंद्र की है। यहां रेलवे भर्ती बोर्ड की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) की दूसरी पाली आयोजित की गई थी। परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षक ने एक अभ्यर्थी की गतिविधियां असामान्य देखीं। वह बार-बार नीचे की ओर देख रहा था और संदिग्ध हरकतें कर रहा था। इसके बाद उसकी विशेष निगरानी की गई।
डबल अंडरगारमेंट पहनकर गया था आरोपी
सीसीटीवी फुटेज और मौके पर जांच के दौरान पता चला कि अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन छिपाकर लाया था। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने डबल अंडरगारमेंट पहनकर उसके भीतर मोबाइल छिपाया था, ताकि सुरक्षा जांच में पकड़ा न जाए। परीक्षा शुरू होने के बाद वह मोबाइल निकालकर कंप्यूटर स्क्रीन पर प्रदर्शित प्रश्नों की तस्वीरें खींच रहा था।
मोबाइल में मिली प्रश्नों की तस्वीरें
- पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद सैमसंग मोबाइल की जांच की तो उसमें परीक्षा के दौरान पूछे गए प्रश्नों की तस्वीरें मिलीं। इन तस्वीरों का मिलान परीक्षा में प्रदर्शित प्रश्नों से किया गया, जो पूरी तरह सही पाए गए। इसके बाद मामले की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई।
- वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर डीडी नगर थाना पुलिस ने परीक्षा केंद्र प्रबंधन की शिकायत पर अपराध क्रमांक 432/2026 दर्ज किया। आरोपी के खिलाफ धारा 318(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा लोक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 की धारा 10(1) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
- गिरफ्तार आरोपी की पहचान अफताब पिता गुलाम मोहम्मद (28), निवासी संतरेजीपुरा, इतवारी, नागपुर (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है।
- पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक सैमसंग मोबाइल फोन, आधार कार्ड और संबंधित परीक्षा का प्रवेश पत्र जब्त किया है। अब यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी किसी संगठित नकल गिरोह से जुड़ा था या नहीं और प्रश्नों की तस्वीरें किसे भेजने की तैयारी थी। मोबाइल के डिजिटल डाटा की फॉरेंसिक जांच कर मामले के अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
ये भी पढ़ें- रतलाम-नागदा मेमू ट्रेन में सीट को लेकर बवाल, हाथापाई करते-करते दरवाजे से नीचे गिरे दो यात्री