रायपुर। Dharma Sabha in Raipur: राजधानी के रावणाभाठा मैदान में रविवार को आयोजित संकल्प धर्मसभा में हरिद्वार के जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि ने कहा कि विश्व शांति के लिए हिंदू कट्टरता जरूरी है। हिंदू धर्म का मूल उद्देश्य शांति, सद्भावना और सेवा भावना है। यह सभी जीव-जंतुओं की चिंता करता है। हमेशा शांति चाहता है। धर्मसभा में देशभर से शामिल साधु-संतों ने भी इसी बात पर जोर देते हुए कहा कि विश्व में हो रहे उपद्रव को केवल भारत ही रोक सकता है। ऐसा होने पर ही रामराज्य आएगा।
छत्तीसगढ़ के सभी जिलों की 4,500 किलोमीटर की पदयात्रा का समापन इस संकल्प धर्मसभा के रूप में हुआ। इसमें काशी के स्वामी वासुदेवाचार्य, साध्वी प्रार्ची आर्य देहरादून, बाल योगेश्वर उमेशनाथ उज्जैन, पुष्पेंद्र गिरि, राजीवलोचन दास, स्वामी परमात्मानंद गोरखपुर गौरेला, संत प्रेमस्वरूपानंद दंतेवाड़ा, स्वामी सर्वेश्वर दास, रायपुर शदाणी दरबार के प्रमुख संत युधिष्ठिरलाल, रायपुर के दूधाधारी मठ के प्रमुख महंत रामसुंदरदास समेत बड़ी संख्या में साधु-संत और हिंदू धर्मावलंबी उपस्थित थे। धर्मसभा में स्वामी अवधेशानंद गिरि ने कहा कि हिंदू धर्म में मां, बहन, भाभी, पत्नी, चाची, मौसी सभी रिश्तों का आदर किया जाता है। यही इसकी विशेषता है। उन्होंने कहा कि भारत में जब तक संत हैं, तब तक सनातन संस्कृति अखंड रहेगी। भारत का कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
हिंदुस्तान में कोई छुआछूत नहीं
स्वामी अवधेशानंद गिरि ने कहा कि जैसे जर्मनी में रहने वाला जर्मन, रूस में रहने वाला रशियन, फ्रांस में रहने वाले को फ्रांसीसी, लेबनान वाला लेबनानी, यूरोप निवासी यूरोपियन और अमेरिका में रहने वाला अमेरिकन कहलाता है, वैसे ही हिंदुस्तान में रहने वाला हिंदू नहीं होगा तो कौन होगा? कुछ लोग छुआछूत के बारे में गलतफहमी फैलाते हैं। हिंदुस्तान में कोई छुआछूत नहीं है। गंगा में हर जाति वर्ग के लोग एक साथ डुबकी लगाते हैं। सनातन काल से हम हिंदू थे, हिंदू हैं और हिंदू ही रहेंगे।
धर्मसभा में उपस्थित साधु-संतों ने इस अवसर पर हजारों लोगों को सनातन संस्कृति के नियमों का पालन करने और भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने के लिए जी-जान से जुट जाने का संकल्प दिलाया। संतों ने मंच से कहा कि भारत लाखों वर्षों पहले भी हिंदू राष्ट्र था, है और हमेशा रहेगा। जरूरत है इसे देश के संविधान में हिंदू राष्ट्र का दर्जा दिलाने की। यह दर्जा हम दिलाकर रहेंगे। धर्मसभा में पहुंचे लोगों ने सनातन धर्म के जयकारे लगाए। देश के लोगों के बीच समरसता की भावना जगाने और भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम में लिए गए संकल्प
- प्रतिदिन हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे
- मंगलवार को सुंदरकांड का पाठ करेंगे
- प्रतिदिन मंदिर दर्शन करने जाएंगे
- भारत को हिंदू राष्ट्र बनाएंगे
- बच्चों को संस्कार देंगे
Posted By: Ashish Kumar Gupta
- Font Size
- Close