
रायपुर। अगर आप बच्चों के साथ रायपुर घूमने का प्लान बना रहे हैं तो एक बार छत्तीसगढ़ विज्ञान केंद्र जरूर आएं। विधानसभा रोड पर सड्डू में स्थित इस साइंस सेंटर पर आप खेल-खेल में विज्ञान को समझने के साथ वहीं अपना परीक्षण भी कर सकते हैं।
यहां पर कुटुसर गुफा, अनंत कुआं, आलसी सिक्का, रिंग का भ्रम, थाली पर सिर, जादुई पानी का नल, तैरती गेंद, दर्पण भूलभुलैया जैसे कई आकर्षण हंै। सबरंग के इस अंक में साइंस सेंटर की सैर करवा रहे हैं गिरीश वर्मा...।
छत्तीसगढ़ विज्ञान केंद्र प्रदेश में अपनी तरह का एकमात्र विज्ञान केंद्र हैं। इसकी स्थापना 13 जुलाई सन 2012 में की गई थी। यह 10 एकड़ में फैला हुआ है। इस केंद्र का मुख्य उद्देश्य है 'खेल-खेल में विज्ञान सीखना है। कोरोना संक्रमण के कारण पिछले दो वर्षाें से बंद इस विज्ञान केंद्र को दोबारा 29 जून, 2022 को खोला गया। विज्ञान को जानने के साथ साथ उसे महसूस करने वाले सैकड़ों लोगों को छत्तीसगढ़ साइंस सेंटर अपनी ओर आकर्षित करता है। यह सुबह 10 से शाम 5.30 बजे खुला रहता है।
सोमवार के दिन यह बंद रहता है। यहां छात्रों के लिए शुल्क पांच रुपये और सामान्य व्यक्तियों के दस रुपये शुल्क लिया जाता है। इसके अलावा थ्री डी शो और तारामंडल शो का दस-दस रुपये अलग से शुल्क लगता है। तारामंडल का पहला शो सुबह 11.30 बजे व दूसरा शो शाम 4 बजे होता है। वीकेंड पर चार-पांच सौ तो राष्ट्रीय त्योहारों में हजारों की संख्या में लोग यहां आते हैं। जिस प्रकार सीखने की कोई सीमा नहीं होती, उसी तरह यहां प्रवेश के लिए कोई उम्र का बंधन नहीं है। विज्ञान केंद्र की चहारदीवारी के बाहर, आरामदायक हरा-भरा विज्ञान उद्यान फैला हुआ है। जहां सरल मशीनों, ध्वनि, प्रकाश विज्ञान, दोलक इत्यादि पर माडल स्थापित हैं।
विज्ञान केंद्र में प्रमुख मुख्य गैलरी
1. छत्तीसगढ़ के संसाधन गैलरी
'छत्तीसगढ़ के संसाधन शीर्षक दीर्घा अंत: क्रियात्मक प्रदशों से राज्य के प्राकृतिक, सांस्कृतिक, औद्योगिक, मानव, आर्थिक एवं भूगर्भ संसाधनों को दिखाती है तथा अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी का उपयोग कर इसे दर्शाती है। दीर्घा का प्रवेश क्षेत्र राज्य के इतिहास एवं इसके निर्माण को प्रमुखता से दर्शाता है। इस दीर्घा में दीर्घा छत्तीसगढ़ के वनस्पति एवं जीव-जंतु के साथ कुटुम्बसर की गुफा, कोयले से विद्युत तक सफर, एल्युमिनियम से बने बर्तन, धान के किस्म, शैलों के प्रकार को दिखाया गया है। छत्तीसगढ़ की संस्कृति से जुड़े पहनावा, वाद्ययंत्र, कार्यशैली को भलीभांति दिखाया गया है। इस अनुभाग में 'वात भट्टी का कार्यकारी प्रतिरूप आकर्षण को बढ़ाता है। राज्य के अन्य अनेक प्राकृतिक संसाधन हैं, जिन्हें इस दीर्घा में आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया है।
2. मापन गैलरी
दूसरी विषय आधारित दीर्घा 'मापन विभिन्न् मापन इकाईयों और उनके ऐतिहासिक विकास, दैनिक जीवन में व्यवहत विभिन्न् मापन तकनीकों और उनसे संबंधित जानकारियों को दर्शाती है। दीर्घा विभिन्न् अनुभागों जैसे हमारी मापन संस्कृति, मापन ज्ञान का विकास, मापन जिसने हमारी वैश्विक दृष्टि बदली, स्वयं को मापना, दूरी से मापना, अदृश्य का मापना, दैनिक जीवन मापन, सामाजिक एवं आर्थिक मापन, मापन की सीमाएं, मापन स्तर के निर्णायक और एक 'मापन प्रयोगशाला में विभाजित है। भार, ध्वनि, हवा, वर्षा, पीएच, समुद्र की गहराई, मानव विकास सूचकांक, व्युत्पन्न् इकाइयां, आकर और परिमाण, ग्रहों के महत्वपूर्ण आंकड़े, भूकंप की जानकारी से संबंधित प्रतिरूप रखे गए हंै।
3. मनोरंजक विज्ञान गैलरी
500 वर्ग मीटर क्षेत्र में विस्तृत 'मनोरंजक विज्ञान दीर्घा दर्शकों को अत्यन्त मनोरम परिवेश में विज्ञान के विभिन्न् विषयों को अनुभव करने, पता लगाने एवं अन्त:क्रिया करने का अवसर प्रदान करती है। यहां पर दर्शक अशांतकारी दोलक, गुरुत्वाकर्षण को नहीं मानने वाले वस्तुओं, भ्रम पैदा करने वाली प्रकाशीय उपकरणों, कलाबाजी करती गतिशील गेंद, प्रकाश उत्पन्न करने वाली रंगीन छायायों, अश्रृंखलित वस्तुओं को दर्शाने वाले दर्पण इत्यादि से अन्त: क्रिया कर सकते हैं।
4. थ्रीडी प्रेक्षागृह गैलरी
इस प्रेक्षागृह में पोलाराइड आधारित स्टीरियो प्रक्षेपण से त्रिविमीय प्रभाव उत्पन्न् होते हैं। यह शो विशेष प्रकार के पोलाराइड चश्मों की मदद से तल्लीन कर देने वाली अनुभूति प्रदान करता है। यहां जीव-जंतुओं से लेकर वनस्पतियों के त्री विमीय फोटो और लघु वीडियो दिखाए जाते हंै। इसके अलावा एक शिशु कक्ष, जहां बच्चे अनेक प्रकार की पहेलियां और विज्ञान किट्स के साथ सरल प्रयोगों का आनन्द उठा सकते हैं।
तारामंडल भी विशेष आकर्षण
साइंस सेंटर में एक तारामंडल कक्ष है। जहां खगोलीय विचारों को अनोखे एवं अन्त: क्रियात्मक तरीके से प्रस्तुत किया गया है। एक विज्ञान प्रदर्शन कक्ष जहां आगन्तुकों के समूह के लिए प्रदर्शनी और प्रयोगों को आयोजित करने का प्राविधान है ताकि उनमें विज्ञान के बारे में अभिरूचि उत्पन्न् हो सके। एक अस्थायी प्रदर्शनी हाल,जिसमें 'जल एक मूल्यवान संपदा और 'जैव विविधता शीर्षक नामक दो प्रदर्शनियां हैं।
इंजी. अमित कुमार मेश्राम ने बताया कि छत्तीसगढ़ विज्ञान केंद्र, विज्ञान के छात्रों के साथ प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी करने वालों के साथ अन्य जो इस विषय में रुचि रखते हैं, उनके लिए बेहद अनुकूल जगह है। छात्रों को यहां वह सब चीजें प्रत्यक्ष रूप से देखने को मिलेगी, जो वे अपनी किताबों के माध्यम पढ़ते हैं। केंद्र का मुख्य उद्देश्य है खेल खेल में विज्ञान सीखना और विज्ञान के प्रति लोगों को जागरूक करना। यहां विज्ञान से संबंधित प्रदर्शनी, सेमिनार, प्रतियोगिता भी कराई जाती है।